न्यू शिवलोक कॉलोनी के निवासी जूझ रहे हैं जलभराव व संक्रमण के खतरे से
मेरठ। मंगलवार को आम आदमी पार्टी मेरठ जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में न्यू शिवलोक कॉलोनी, गुर्जर चौक, अम्हेंडा-आदिपुर के सैकड़ों निवासी कमिश्नरी पार्क पर एकत्र हुए और वहां से डीएम कार्यालय तक जोरदार विरोध-प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने रास्ते के निर्माण की मांग को पुरज़ोर तरीके से उठाया।
जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा देश से लेकर प्रदेश और नगर निगम तक ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार, फिर भी शिवलोक कॉलोनी के लोग टूटी सड़क और जलभराव के कारण झेल रहे हैं अत्याचार। कॉलोनी का मुख्य आम रास्ता, जो मवाना रोड श्रीराम धर्मकांटा से होकर सच आर.ओ. एवं सूरज फार्म हाउस तक जाता है, पूरी तरह जर्जर हो चुका है और उस पर स्थायी जलभराव रहता है। वर्तमान समय में यह मार्ग न होकर बदबूदार झोड़ (तालाब) में तब्दील हो चुका है। बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, गंदा और सड़ा हुआ पानी घरों तक घुस आता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता है और लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को होती है। भारी जलभराव और कीचड़ के कारण ई-रिक्शा व अन्य वाहन कॉलोनी तक नहीं पहुंच पाते। बच्चे किसी तरह पानी और कीचड़ से गुजरकर स्कूल जाते हैं या परिजनों को मजबूरन उन्हें दोपहिया वाहन से ले जाना पड़ता है। अक्सर छोटे बच्चे पानी में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है। कई बुजुर्ग भी इस रास्ते पर फिसलकर घायल हो चुके हैं।
अंकुश चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह स्थिति न केवल बच्चों की पढ़ाई और दिनचर्या को प्रभावित कर रही है, बल्कि संक्रामक बीमारियों और महामारी को भी जन्म दे सकती है। कई परिवार पहले से बीमारियों से जूझ रहे हैं, और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
हमारी माँग है कॉलोनी के मुख्य मार्ग का तत्काल पुनर्निर्माण कराकर पक्की सड़क बनाई जाए। स्थायी जलभराव खत्म करने हेतु जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था की जाए।जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने स्पष्ट किया कि यदि जिला प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्यवाही नहीं की, तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर धरना होगा जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।आज के विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी के साथ महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, जिला संरक्षक एसके शर्मा, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रंजन, फुरकान त्यागी, हेम कुमार, शिव कुमार, गजेंद्र, किरण, सीता, पूजा, रौशनी, रुचि, बिमला, पारस, ओमप्रकाश, रज्जु, आर्याल, रूपराम, बाबूजसबीर क्षेत्रवासी एवं पार्टी के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment