ट्रंप का भारत पर बड़ा फैसला, 1 अगस्त से  25% आयात शुल्क और जुर्माना लागू

रूस से व्यापार को बताया कारण

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाने की घोषणा कर दी है। यह फैसला 1 अगस्त से प्रभावी होगा। ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर साझा करते हुए कहा कि यह निर्णय भारत द्वारा रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीदने के चलते लिया गया है।

उन्होंने भारत को “मित्र” बताते हुए कहा, “भले ही भारत हमारा दोस्त है, लेकिन वर्षों से व्यापार असंतुलन बना हुआ है। भारत में आयात टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान होता है।”

ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध के बीच भारत के रूस से सैन्य और ऊर्जा संबंधों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “जब पूरी दुनिया रूस को यूक्रेन में हिंसा रोकने की मांग कर रही है, ऐसे में भारत का रूस से हथियार और तेल खरीदना गलत है।” उन्होंने दावा किया कि भारत और चीन रूस से ऊर्जा खरीदने वाले सबसे बड़े देश हैं।

ट्रेड डील” वार्ता को झटका

भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ महीनों से सीमित व्यापार समझौते (मिनी ट्रेड डील) को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन इस फैसले से अब वह लगभग समाप्त होती दिख रही है। भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले हफ्ते ही इस बातचीत को सकारात्मक बताया था।

ट्रंप बोले: पहली अगस्त अमेरिका के लिए ‘बड़ा दिन’

ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “पहली अगस्त की समय सीमा का मतलब है – अंतिम समय सीमा। इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। यह अमेरिका के लिए बड़ा दिन होगा।”अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के अनुसार, 2024 में भारत-अमेरिका के बीच कुल वस्तु व्यापार 129.2 अरब डॉलर रहा, जिसमें अमेरिका ने भारत को 41.8 अरब डॉलर का निर्यात किया और भारत से 87.4 अरब डॉलर का आयात। अमेरिका को भारत के साथ 45.7 अरब डॉलर का व्यापार घाटा रहा, जो 5.4% की वृद्धि दर्शाता है।

पिछली घोषणाएं और देरी

अमेरिका ने इसी साल अप्रैल में भारत पर 26% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसे बाद में टाल दिया गया था। 9 जुलाई की तय तारीख भी भारत-अमेरिका वार्ता के चलते आगे खिसकी, लेकिन अब ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि 1 अगस्त से शुल्क और जुर्माना दोनों लागू होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts