सलमान खान के गानों पर फिदा हुईं कृति सेनन
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन खुद 90 के दशक के गानों की फैन हैं। हाल ही में उन्हें बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मशहूर गाने 'जानम समझा करो' और 'प्यार दिलों का मेला है' पर झूमते हुए देखा गया।
कृति सेनन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी वैनिटी वैन में तैयार होती दिख रही हैं। मेकअप करवाते समय वह साल 1999 के हिट गाने 'जानम समझा करो' के बोल गुनगुना रही हैं। यह गाना सलमान खान और उर्मिला मातोंडकर पर फिल्माया गया था।
इस वीडियो में कृति मजे से गाने का आनंद ले रही हैं और इसे गुनगुनाती भी दिख रही हैं। इस गाने को लेकर कृति सेनन कहती हैं, 'मुझे यह गाना बहुत पसंद है।' इसके आगे वह इस गाने के संगीत की तारीफ करते हुए वह कहती हैं, 'क्या म्यूजिक है यार!'
इस गाने के बाद दूसरा गाना 'प्यार दिलों का मेला है' प्ले होता है, जो साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म 'दुल्हन हम ले जाएंगे' का है। इस फिल्म में सलमान खान और करिश्मा कपूर मुख्य भूमिका में थे। इस गाने को सुनकर कृति मेकअप आर्टिस्ट से बात करते हुए कहती हैं, 'सारे गाने कमाल के हैं।'
कृति ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ''मैं हमेशा 90 के दशक की बच्ची रहूंगी!!''
वर्कफ्रंट की बात करें तो, कृति सेनन इस समय अपनी आने वाली फिल्म 'तेरे इश्क में' की शूटिंग में व्यस्त हैं, इसमें उनके साथ सुपरस्टार धनुष हैं। फिल्म 28 नवंबर को हिंदी और तमिल दोनों भाषाओं में रिलीज़ होगी।
No comments:
Post a Comment