मेरठ।चौधरी चरण सिंह विवि में नए कुलपति की नियुक्ति हो गई है। जीवाजी विवि ग्वालियर में दो बार कुलपति रहीं प्रो.संगीता शुक्ला सीसीएसयू की नई कुलपति होंगी। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार शाम इसके आदेश जारी कर दिए। वे तीन वर्ष तक इस पद पर रहेंगी। चौ.चरण सिंह विवि के इतिहास में पहली बार कोई महिला स्थाई कुलपति नियुक्त हुई हैं। इससे पहले प्रो. आशा रानी सिंहल विवि में कार्यवाहक महिला कुलपति रह चुकी हैं। लाइफ साइंस में गोल्ड मेडलिस्ट, पीएचडी और डीएससी प्रो. शुक्ला प्रशासनिक कार्यकुशलता और शैक्षिक गुणवत्ता के लिए जानी जाती हैं। इन्हीं के कार्यकाल में जीवाजी विवि नैक से ए ग्रेड मिला। वह प्रो.एनके तनेजा का स्थान लेंगी। प्रो.तनेजा का दूसरा कार्यकाल 29 नवंबर को पूरा हो गया था, लेकिन दीक्षांत समारोह के चलते उन्हें अग्रिम आदेशों तक पद पर बने रहने के आदेश दिए गए थे। बुधवार को समारोह निपटने के 24 घंटे बाद ही कुलाधिपति ने प्रो.संगीता शुक्ला को नया कुलपति नामित कर दिया। प्रो.तनेजा विवि में निरंतर सात साल से अधिक कुलपति रहे।

No comments:
Post a Comment