मुस्लिम बहुल क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

सीएमओ ने कहा सुरक्षित रहने के लिए जरूरी है टीका लगवाना
 
हापुड़, 09 नवंबर, 2021। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को मजीपुरा मोहल्ले में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेखा शर्मा मुस्लिम बहुल इलाके में लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पहुंचीं। इस मौके पर जन जागरूकता अभियान के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को कोविडरोधी टीके भी लगाए गए। सीएमओ ने कहा कोविडरोधी टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इससे स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ता। कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। टीका लगने के बाद भी कोई कोविड पॉजीटिव हो सकता है लेकिन इतना तय है कि टीके की दोनों खुराकों से प्रतिरक्षित व्यक्ति के लिए कोविड जानलेवा नहीं होगा। 
जन-जागरूकता अभियान के दौरान सीएमओ डा. रेखा शर्मा ने स्वयं दुकानदारों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के साथ ही अन्य लोगों को बड़ी ही सीधी और सरल भाषा में कोविडरोधी टीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा टीका लगने के बाद लाभार्थी को बुखार हो सकता है, लेकिन उससे डरने की कोई बात नहीं है। बुखार के लिए दवा खाकर दो दिन तक आराम करें। किसी भी टीके के बाद बुखार होना सामान्य बात है।
जागरूकता अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ डा. एपीजे अब्दुल कलाम सोशल वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद दानिश कुरैशी भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा  प्रत्येक व्यक्ति को कोविडरोधी वैक्सीन लगवाकर देशहित में अपना योगदान देना चाहिए। सभी लोगों का टीकाकरण होने से ही हमारा देश कोविड मुक्त हो सकेगा। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण शर्मा, डिप्टी सीएमओ डा. वेद प्रकाश, पीपीसी हापुड़ के चिकित्सा अधिकारी डा. योगेश गुप्ता, डा. शशांक अग्रवाल, डीपीएम सतीश कुमार, डा. दिलशाद अली, डा. नईम, डा. अब्दुल सलाम और चौधरी सरफराज के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts