पेगासस और किसानों के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा
कई बार पहुंची कार्यवाही में बाधा, लोकसभा स्थगित


नई दिल्ली (एजेंसी)। 
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर ओम बिड़ला ने 1999 में करगिल युद्ध के दौरान शहीद होने वाले सैनिकों को नमन किया और श्रृद्धांजलि दी। बिड़ला ने इस युद्ध के नायकों के परिजनों के प्रतिभी आभार जताया। इस दौरान संसद के सदस्यों ने शहीदों के सम्मान में मौन रखा। इसके साथ ही ओम बिड़ला ने मीराबाई चानू को टोक्यो ओलंपिक में देश को पहला रजत पदक दिलाने पर बधाई दी। हालांकि, कुछ देर बाद ही विपक्षी दल वेल के आस-पास एकत्र होने लगे और कार्यवाही में बाधा पहुंचाते हुए नारेबाजी करने लगे। 
विपक्षी सदस्यों ने पेगासस जासूसी विवाद को प्रमुख मुद्दा बनाया इसके साथ ही प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में भी नारेबाजी की और तख्तियां दिखाईं। कुछ विपक्षी सदस्यों ने सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की मांग की और पेगासस विवाद को लेकर 'मोदी सरकार जवाब दो' जैसे नारे लगाए।
इस दौरान कई बार लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित किया गया। तीन बजे जब कार्यवाही शुरू हुई तो लोकसभा ने फैक्टरिंग विनियमन (संशोधन) विधेयक, 2020 और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, उद्यमिता एवं प्रबंधन विधेयक 2021 को अलग-अलग देखा। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के चलते दोनों विधेयकों पर चर्चा नहीं हो सकी। विपक्षी सदस्य पेगासस विवाद और किसानों के मुद्दे पर चर्चा करने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद सदन कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहीं रमा देवी ने दोनों विधेयकों को पारित कर दिया। 
इसके बाद संसद की कार्यवाही में बाधा को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, प्रल्हाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से मुलाकात की। वहीं, सूचना एवं प्रौद्योगिकी पर संसद की स्थायी समिति के चेयरमैन शशि थरूर ने कहा कि सरकार ने इस सप्ताह के अपने एजेंडा में पेगासस का उल्लेख नहीं किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके साथ ही वह लोकसभा में कोरोना महामारी प्रबंधन, टीकाकरण नीति और पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार आ रही तेजी जैसे मुद्दों पर भी बात नहीं करना चाहते हैं।
आईआईटी मद्रास का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं: प्रधान
प्रधान ने एक सवाल के लिखित जवाब में लोकसभा को बताया कि आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) मद्रास का नाम बदलकर आईआईटी चेन्नई करने की सरकार की कोई योजना नहीं है, हम ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts