गन्ने की फसल पर मंडरा रहा बिजली लाइन का खतरा, किसान ने लगाई हटाने की गुहार

पीवीवीएनएल की जनसुनवाई में पहुंचीं 22 शिकायतें, कब्रिस्तान के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन और ट्रांसफार्मर का मामला भी उठा

मेरठ। खेतों में लहलहाती गन्ने की फसल के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन किसान के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। फसल और जान-माल की सुरक्षा को लेकर ग्राम सिखेड़ा के किसान विक्रम सिंह ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की जनसुनवाई में लाइन हटवाने की मांग उठाई। अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर निरीक्षण कराने और सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मंगलवार को ऊर्जा भवन स्थित पीवीवीएनएल मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपभोक्ता पहुंचे। प्रबंध निदेशक रविशा गुप्ता (आईएएस) के निर्देश पर हुई सुनवाई में कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें बिजली बिल में गड़बड़ी, मीटर रीडिंग, ट्रांसफार्मर स्थापना, विद्युत लाइनों और सुरक्षा से जुड़े मामले शामिल रहे।

कब्रिस्तान के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन पर जताई चिंता

मेरठ के मनिहारान कब्रिस्तान निवासी नौशाद पुत्र अमीर हसन ने कब्रिस्तान के मुख्य द्वार के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर को लेकर शिकायत की। अधिकारियों ने मामले में स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, भगवानपुर निवासी राजकुमार ने मीटर रीडर द्वारा समय पर रीडिंग नहीं किए जाने की समस्या उठाई। इस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर बिल संशोधित कराने के निर्देश दिए गए।

बिलिंग और सुरक्षा के मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

जनसुनवाई की अध्यक्षता निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया और निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। सही बिलिंग, समय पर मीटर रीडिंग और पारदर्शी विद्युत सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खेतों और फसलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों सहित सुरक्षा से जुड़े मामलों में गंभीरता बरती जाए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान मुख्य अभियंता एम. सगीर, गुलाब सिंह और रजनीकांत मिश्र, अधीक्षण अभियंता एम. अरशद, मनोज कुमार, रघुनाथ, मदन लाल और एसके चौधरी, इंजीनियर प्रीति गुप्ता, प्रशांत सोनी तथा अधिशासी अभियंता महेश कुमार सहित अन्य अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी मौजूद रहे।

निदेशक आशु कालिया और संजय जैन ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित बिजली आपूर्ति और शिकायतों का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts