किनौनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू, कैबिनेट मंत्री ने डोंगा चैन में गन्ना डालकर किया शुभारंभ

पेराई सत्र 2026-27 का आगाज, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी बोले- गन्ना किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए नए पेराई सत्र का आगाज हो गया है। बुधवार को किनौनी चीनी मिल में पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने किया। उन्होंने डोंगा चैन में गन्ना डालकर पेराई कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान मिल परिसर में किसानों का उत्साह देखने लायक रहा।

किसानों को समय पर भुगतान सरकार की प्राथमिकता

शुभारंभ समारोह में किसानों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों में गन्ना किसान सर्वोपरि हैं। सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने और गन्ने की निर्बाध खरीद व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की आर्थिक मजबूती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी ताकत मिलती है। चीनी मिलों का सुचारु संचालन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

खरीद केंद्रों पर रहेगी विभाग की नजर

उप गन्ना आयुक्त मेरठ परिक्षेत्र यशपाल सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पूरे पेराई सत्र के दौरान विभागीय अधिकारी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे। गन्ना आपूर्ति, खरीद केंद्रों के संचालन और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मिल प्रबंधन एवं विभाग के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा।

कैलेंडर के अनुसार गन्ना आपूर्ति की अपील

जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने किसानों से निर्धारित पर्ची और कैलेंडर के अनुसार ही गन्ने की आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान स्वच्छ और ताजा गन्ना मिल को उपलब्ध कराएं, जिससे पेराई और खरीद व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा किसी को परेशानी न हो।

जनप्रतिनिधियों और किसानों की रही भागीदारी

समारोह में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, मालियाना, किनौनी चीनी मिल के यूनिट हेड केपी सिंह, पूर्व एमएलसी जगत सिंह सहित विभागीय अधिकारी, मिल प्रबंधन के प्रतिनिधि, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। पेराई सत्र शुरू होने से किसानों में खुशी और उत्साह दिखाई दिया। किसानों को उम्मीद है कि नए सत्र में गन्ने की नियमित खरीद और भुगतान व्यवस्था बेहतर रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts