वॉशिंग मशीन ठीक करते समय मजदूर को लगा करंट, दर्दनाक मौत

हस्तिनापुर की आरके कॉलोनी में हादसा, आंगन में बेसुध मिले परमजीत; पत्नी के घर लौटने से पहले उजड़ गया परिवार

मेरठ। हस्तिनापुर कस्बे की आरके कॉलोनी में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। परमजीत घर में अपनी वॉशिंग मशीन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान मशीन में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

आरके कॉलोनी निवासी परमजीत पुत्र अजय सिंह सोमवार देर रात घर में खराब वॉशिंग मशीन को ठीक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मशीन में करंट उतर आया और उन्हें जोरदार झटका लगा। करंट लगने से वह आंगन में मशीन के पास ही बेसुध होकर गिर पड़े। उनकी पत्नी किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं।

कुछ देर बाद पड़ोसी ने छत से झांककर देखा तो परमजीत आंगन में बेसुध पड़े थे। यह देखकर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। पड़ोसियों ने तत्काल उन्हें हस्तिनापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दुष्यंत शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परमजीत मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। त्योहारों के सीजन में परिवार के मुखिया की अचानक मौत से घर में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts