चार महीने से वेतन को तरसे मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी, सैकड़ों ने किया हंगामा

एलएलआरएम में चार आउटसोर्सिंग कंपनियों के कर्मचारियों का प्रदर्शन, बोले- घर चलाना मुश्किल, पीएफ भी नहीं कट रहा

मेरठ। मरीजों की सेवा में दिन-रात जुटे मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। तीन से चार महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों कर्मचारियों ने एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जेएमडी, एचआर, सोलंकी और उर्मिला कंपनियों के नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय समेत विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हुए।

वेतन नहीं मिलने से आर्थिक संकट

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप था कि किसी का तीन तो किसी का चार महीने का वेतन बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का खर्च चलाने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनका पीएफ भी नियमित रूप से नहीं काटा जा रहा है।

पोर्टल नहीं, बायोमेट्रिक से लगे हाजिरी

कर्मचारियों ने बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराने, पीएफ कटौती सुनिश्चित करने और उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के बजाय बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वे नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन उपस्थिति व्यवस्था और वेतन भुगतान की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।

प्राचार्य ने अनुपस्थिति को बताया वेतन कटौती की वजह

हंगामे की सूचना पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को समझाते हुए कहा कि कई कर्मचारी लंबे समय तक अनुपस्थित रहते हैं और अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते। इसके चलते उनके वेतन में कटौती की समस्या आती है। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कराने को कहा।

सीओ ने संभाला मोर्चा, पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता

प्रदर्शन बढ़ने की सूचना पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद कर्मचारियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने बकाया वेतन का भुगतान, पीएफ कटौती और बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू कराने की मांग दोहराई। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनकी परेशानियां बनी रहेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts