सोने-चांदी के भाव टूटे तो सराफा बाजार में लौटी चमक, धनतेरस पर बरसेगा धन!
10 दिन में सोना 5,800 और चांदी 24 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती; फुटकर बाजार में बढ़ी खरीदारी, पांच दिन के दीपोत्सव में 400 करोड़ के कारोबार का अनुमान
मेरठ। दीपावली से पहले सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट ने सराफा बाजार में रौनक बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में सोना प्रति 10 ग्राम करीब 5,800 रुपये और चांदी प्रति किलोग्राम 24 हजार रुपये सस्ती हुई है। भाव कम होने से खुदरा ग्राहक आभूषण खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हालांकि थोक बाजार में कारोबारी अभी कीमतों में स्थिरता आने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बावजूद व्यापारियों को धनतेरस और दीपावली पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
10 दिन में ऐसे गिरे सोने-चांदी के भाव
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल के अनुसार, 22 अक्टूबर को सोने का भाव 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो रविवार को घटकर 1,39,700 रुपये रह गया। इसी तरह चांदी 2,07,150 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 1,83,000 रुपये पर पहुंच गई। कीमतों में आई इस गिरावट का असर फुटकर बाजार में दिखाई दे रहा है।
थोक बाजार में इंतजार, शोरूम में ग्राहकों की भीड़
कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण थोक कारोबारी नए ऑर्डर देने से बच रहे हैं। व्यापारियों को चिंता है कि महंगे भाव पर सोना खरीदकर आभूषण तैयार कराने से उन्हें नुकसान हो सकता है। मेरठ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों के व्यापारी भी थोक में आभूषण खरीदते हैं। ऐसे में वे भी कीमतें स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं।
20 कैरेट की ज्वैलरी की भी मांग
मेरठ में 20 कैरेट सोने के आभूषणों का अच्छा बाजार है। ये आभूषण किफायती होने के साथ मजबूत भी माने जाते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए इनकी मांग रहती है। सोने के भाव बढ़ने के बाद दूसरे राज्यों में भी 20 कैरेट की ज्वैलरी का चलन बढ़ा है।
धनतेरस पर चांदी के सिक्कों की रहेगी चमक
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और चांदी के उत्पादों के थोक कारोबारी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर चांदी के सिक्कों और कलाकृतियों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। मेरठ में चांदी के सिक्के तैयार होते हैं। करवाचौथ पर लोगों ने कीमतों को देखते हुए खरीदारी में सावधानी बरती थी, लेकिन दीपावली पर मांग बढ़ने की संभावना है।
शादियों और बड़े आयोजनों की खरीदारी से बढ़ेगा कारोबार
तनिष्क शोरूम के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक जैन ने बताया कि सोने-चांदी के भाव कम होने से ग्राहक ज्यादा खरीदारी के लिए उत्साहित होते हैं। कीमतों में पांच हजार रुपये की कमी भी बड़ा अंतर पैदा करती है। इससे ग्राहकों की संख्या के साथ खरीदे जाने वाले आभूषणों का वजन भी बढ़ता है। जिन परिवारों में शादी या कोई बड़ा आयोजन है, वे भी इस मौके पर खरीदारी कर रहे हैं।
कारोबारियों का अनुमान है कि पांच दिन के दीपोत्सव में मेरठ के सराफा बाजार में करीब 400 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। पुराने चांदी के सिक्कों की मांग भी बढ़ रही है।


No comments:
Post a Comment