आईसीयू तक पहुंचाई जा रही थीं नामी कंपनियों के नाम पर नकली जीवनरक्षक दवाएं

बेंगलुरु में ईडी की पांच ठिकानों पर छापेमारी, आरोपी के नौ लाख रुपये के बैंक खाते फ्रीज; पहले की कार्रवाई में पांच करोड़ की नकली दवाएं मिली थीं

बेंगलुरु। देश में मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले नकली दवा कारोबार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के ब्रांड के नकली लेबल लगाकर तैयार की जा रही जीवनरक्षक दवाएं अस्पतालों और आईसीयू तक पहुंचाई जा रही थीं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस कथित रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु में पांच ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी वीरेश कुमार के बैंक खातों में जमा करीब नौ लाख रुपये फ्रीज कर दिए गए। एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, संदिग्ध दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

ईडी ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत दर्ज मामले में की है। एजेंसी का उद्देश्य नकली दवाओं के कारोबार से अर्जित कथित काली कमाई और उसके वित्तीय लेन-देन का पता लगाना है।

फार्महाउस में चल रहा था नकली दवाएं तैयार करने का खेल

ईडी की जांच में आर. प्रशांत को इस कथित रैकेट का मुख्य सरगना बताया गया है। आरोप है कि वह बिदादी के पास एक फार्महाउस संचालित कर रहा था, जहां अलग-अलग राज्यों से सस्ते दामों पर खरीदी गई घटिया गुणवत्ता की दवाओं की री-पैकेजिंग की जाती थी।

इसके बाद इन दवाओं पर नामी दवा कंपनियों के महंगे उत्पादों जैसे फाइजर के एंटीबायोटिक 'जाविसेफ्टा' और 'एम्बलेवियो' के नकली लेबल लगा दिए जाते थे। दवाओं को नई बोतलों में भरकर इस तरह तैयार किया जाता था कि वे देखने में असली उत्पाद जैसी लगें।

असली दवाओं के बीच मिलाकर अस्पतालों तक पहुंचाई सप्लाई

जांच एजेंसी के मुताबिक, शुरुआत में इन नकली दवाओं का वितरण डीएम फार्मास्युटिकल्स के माध्यम से किया गया। बाद में इनकी सप्लाई कृपा हेल्थकेयर को की गई। आरोप है कि कृपा हेल्थकेयर ने नकली दवाओं को असली दवाओं के साथ मिलाकर विभिन्न मेडिकल स्टोर और अस्पतालों तक पहुंचाया।

इस नेटवर्क के जरिए गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाएं भी मरीजों तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। खास बात यह है कि इन दवाओं का इस्तेमाल आईसीयू में भर्ती गंभीर मरीजों के उपचार में किया जाता है। ऐसी दवाओं के नकली होने से मरीजों की जान पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

अगस्त में पकड़ा गया था पांच करोड़ का नकली दवा कारोबार

इस पूरे मामले का खुलासा 18 अगस्त को हुआ था। उस समय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने बेंगलुरु दक्षिण जिले के बिदादी और दोद्देरी क्षेत्रों में स्थित फार्महाउसों तथा अनधिकृत पैकेजिंग यूनिटों पर छापेमारी की थी।

कार्रवाई के दौरान कई नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के ब्रांड के लेबल लगी नकली दवाएं और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई थी। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 4.5 करोड़ से पांच करोड़ रुपये के बीच आंकी गई थी।

जांच में सामने आया था कि जीवनरक्षक और आईसीयू में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाओं के नकली संस्करण तैयार कर उन्हें बाजार में असली कीमत से करीब 50 प्रतिशत तक कम दाम पर बेचा जा रहा था।

मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच तेज

नकली दवाओं की बिक्री से करोड़ों रुपये की अवैध कमाई और उसे अलग-अलग माध्यमों से स्थानांतरित करने के आरोपों के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की अलग जांच शुरू की। ताजा छापेमारी इसी जांच का हिस्सा है। एजेंसी अब जब्त डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों के जरिए पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों और कथित अवैध कमाई के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।

नकली दवाओं का यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि इसमें केवल ब्रांड की नकल नहीं, बल्कि गंभीर मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली जीवनरक्षक दवाओं की गुणवत्ता और उनकी विश्वसनीयता से भी खिलवाड़ किए जाने के आरोप हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts