30 घंटे में दयालेश्वर मंदिर में मूर्ति चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार

150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़ा आरोपी, पांच मूर्तियां, तमंचा और बाइक बरामद

मेरठ। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहनपुरी स्थित दयालेश्वर मंदिर में हुई मूर्ति चोरी की घटना का पुलिस ने महज 30 घंटे में खुलासा कर दिया। थाना सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में संलिप्त एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मूर्तियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मंदिर से मूर्तियां चोरी होने के मामले में थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके आधार पर पुलिस ने एक नवंबर को गौरव कुमार पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम स्याल, थाना भावनपुर को गिरफ्तार कर लिया और एक किशोर को संरक्षण में लिया।

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे गौरव के हाथ में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गौरव ने अपने साथी रोहित कुमार पुत्र रोहताश निवासी ग्राम स्याल और एक किशोर के साथ मिलकर मंदिर से मूर्तियां चोरी की थीं। आरोपी मूर्तियों को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस रोहित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सफेद धातु और तीन पीली धातु की मूर्तियां, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल, एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक गौरव बिश्नोई, स्वाट टीम नगर प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा सहित थाना सिविल लाइन और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts