कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से नहीं छूटेगा, चुनाव आयोग ने अधिकारियों को दिए निर्देश
12 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान, चार जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम सूची; 18 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा
मेरठ। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है। सोमवार को मेरठ पहुंचे वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र और नए मतदाता का नाम शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।
ऊर्जा भवन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के 18 जिलों के अधिकारियों ने चुनावी तैयारियों का प्रजेंटेशन दिया। बैठक में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे। मंडलायुक्त, डीएम, पुलिस आयुक्त, डीआईजी, एसएसपी और एसपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की तैयारियों की जानकारी दी। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने प्रस्तुतियों की समीक्षा करते हुए जहां जरूरत थी, वहां सुधार के निर्देश दिए।
ईवीएम से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक परखी तैयारी
मनीष गर्ग ने चुनाव से जुड़े सभी प्रमुख कार्यों की जानकारी ली। इसमें ईवीएम की उपलब्धता, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, मतदान और मतगणना के लिए कर्मचारियों की उपलब्धता, उनका प्रशिक्षण तथा कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था शामिल रही। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित किसी भी काम में लापरवाही या कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करें।
12 नवंबर से एक महीने तक चलेगा पुनरीक्षण अभियान
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मतदान केंद्रों और बूथों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इन्हें अंतिम रूप दिया है। अब 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा।
इसी दिन आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद एक महीने तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा। सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और पोलिंग पार्टियां आलेख्य सूची के साथ उपलब्ध रहेंगी।
चार जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मनीष गर्ग ने मतदाताओं से अपील की कि वे सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। जिन पात्र लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अभियान के दौरान आवेदन करें। नाम, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर समय से संशोधन कराएं। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष शिविरों और पुनरीक्षण अभियान का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।



No comments:
Post a Comment