तनिष्क शोरूम में कैशियर का खेल! फर्जी पेमेंट दिखाकर 17 लाख के सोने के कंगन-चेन उड़ाए
स्टॉक मिलान में खुली पोल, सीसीटीवी और पेमेंट रिकॉर्ड से पकड़ी गई हेराफेरी; कैशियर गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बरामद, साथी फरार
हाजीपुर। जिस कैशियर के हाथ में शोरूम के लेन-देन की जिम्मेदारी थी, उसी ने भरोसे का फायदा उठाकर 17 लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब कर दिए। बिहार के हाजीपुर स्थित तनिष्क शोरूम में फर्जी पेमेंट अपडेट कर सोने के कंगन और चेन की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शोरूम के कैशियर मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 17 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल उसका एक सहयोगी अभी फरार है।
पेमेंट सक्सेस दिखाकर गायब किए आभूषण
शोरूम प्रबंधन को स्टॉक मिलान के दौरान करीब 17 लाख रुपये के आभूषण कम मिले। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और पेमेंट रिकॉर्ड की जांच की गई तो कैशियर की करतूत सामने आ गई। आरोप है कि मोहम्मद इरफान ने पेमेंट सिस्टम में फर्जी एंट्री कर भुगतान सफल होने का अपडेट दिखाया। इस तरह बिना वास्तविक भुगतान के सोने के आभूषण गायब कर दिए गए। इस खेल में उसका एक सहयोगी भी शामिल था।
तकनीकी जांच से खुला राज, पूरा माल बरामद
शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एसडीपीओ सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया। वह सोनपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के सभी आभूषण बरामद करने का दावा किया है।
फरार साथी की तलाश में छापेमारी
एसडीपीओ सुबोध कुमार के मुताबिक, आरोपी कई दिनों से इस हेराफेरी की योजना बना रहा था। उसने पेमेंट गेटवे में फर्जी एंट्री कर शोरूम प्रबंधन को गुमराह किया। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार कैशियर से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


No comments:
Post a Comment