16 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर निकालकर बचाई मरीज की जान, मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी

बागपत के 33 वर्षीय रिजवान का मेरठ मेडिकल कॉलेज में सफल ऑपरेशन, आंत के साथ मूत्रवाहिनी और रक्त वाहिका की भी करनी पड़ी मरम्मत; निजी अस्पताल में 3-4 लाख का खर्च, सरकारी व्यवस्था में 8-10 हजार रुपये में हुई सर्जरी

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर 33 वर्षीय मरीज के पेट से करीब 16 सेंटीमीटर का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ट्यूमर छोटी आंत, बड़ी आंत, मूत्रवाहिनी और प्रमुख रक्त वाहिका से जुड़ा हुआ था। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को आंत का प्रभावित हिस्सा निकालने के साथ मूत्रवाहिनी और रक्त वाहिका की मरम्मत भी करनी पड़ी। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है।

किडनी पर भी पड़ रहा था ट्यूमर का दबाव

बागपत निवासी रिजवान के पेट के दाहिने निचले हिस्से में 16×15×10 सेंटीमीटर आकार की गांठ थी। सीटी स्कैन में पता चला कि ट्यूमर छोटी आंत के अंतिम हिस्से (डिस्टल इलियम), सीकम और दाहिनी ओर की बड़ी आंत (असेंडिंग कोलन) से जुड़ा हुआ है। गांठ के दबाव से दाहिनी मूत्रवाहिनी प्रभावित हो रही थी, जिसके कारण किडनी में भी हल्की सूजन आ गई थी। ट्यूमर को प्रमुख रक्त वाहिकाओं से भी रक्त की आपूर्ति हो रही थी। ऐसे में ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था।

एक ही ऑपरेशन में आंत, मूत्रवाहिनी और रक्त वाहिका की सर्जरी

सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया। ट्यूमर को पूरी तरह निकालने के लिए छोटी आंत के अंतिम हिस्से और दाहिनी ओर की बड़ी आंत को ट्यूमर सहित निकाला गया। इसके बाद आंत के दोनों हिस्सों को दोबारा जोड़ दिया गया।

ट्यूमर से प्रभावित करीब दो सेंटीमीटर मूत्रवाहिनी को भी निकालकर उसके दोनों सिरों को फिर से जोड़ा गया। सुरक्षा के लिए डीजे स्टेंट लगाया गया। इसके अलावा ट्यूमर का दाहिनी ओर की प्रमुख रक्त वाहिका (राइट एक्सटर्नल इलियक वेन) से भी गहरा जुड़ाव था। सुरक्षित सर्जरी के लिए रक्त वाहिका के प्रभावित हिस्से को आंशिक रूप से निकालकर उसकी प्राइमरी रिपेयर की गई। इस तरह तीन महत्वपूर्ण अंगों और संरचनाओं से जुड़ी जटिल सर्जरी एक ही ऑपरेशन में पूरी की गई।

निजी अस्पताल में 3-4 लाख, मेडिकल कॉलेज में 8-10 हजार खर्च

इस सर्जरी की खास बात इसका कम खर्च में होना भी है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार निजी अस्पतालों में इस तरह की जटिल सर्जरी पर करीब तीन से चार लाख रुपये खर्च होते हैं, जबकि मेडिकल कॉलेज में सरकारी व्यवस्था के तहत लगभग आठ से दस हजार रुपये में ऑपरेशन किया गया।

डॉ. अमित कुमार ने बताया कि ट्यूमर का आंत, मूत्रवाहिनी और प्रमुख रक्त वाहिकाओं से जुड़ा होना सर्जरी को बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा। ऐसी स्थिति में ट्यूमर को पूरी तरह निकालने के साथ आसपास के महत्वपूर्ण अंगों और रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है।

मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगी जटिल कैंसर सर्जरी की सुविधाएं

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सर्जिकल ऑन्कोलॉजी सेवाओं के विस्तार से अब कैंसर के मरीजों को जटिल सर्जरी के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा केंद्रों पर जाने की जरूरत कम होगी। उन्हें अपने ही मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे मेरठ सहित आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

सर्जरी में डॉ. मोहम्मद आरिफ (असिस्टेंट प्रोफेसर), डॉ. प्रतीक (जूनियर रेजिडेंट) सहित अन्य चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. विपिन धामा ने किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts