राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां कैसे टकराईं, SIT करेगी जांच

DGP ने तीन अफसरों की टीम बनाई, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में चूक की भी होगी पड़ताल

लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों की सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई टक्कर की जांच के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच करेगी। साथ ही काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही या चूक की भी पड़ताल की जाएगी।

SIT की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस करेंगे। टीम में सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) राम कृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है।



अचानक ब्रेक लगने से हुई टक्कर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। राहुल गांधी अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मामले में अदालत में पेश होने के लिए लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे। इसी दौरान काफिले के आगे चल रही एक निजी गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। राहुल गांधी सुरक्षित रहे और कुछ देर रुकने के बाद काफिला आगे रवाना हो गया।

जल्द रिपोर्ट सौंपेगी टीम

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गठित SIT को घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। जांच दल भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय भी सुझाएगा। हादसे के वास्तविक कारणों और किसी संभावित चूक की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts