CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका के दोनों मामले क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर

कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर से जुड़े मामलों की जांच करेगी क्राइम ब्रांच, 21 अक्टूबर तक बढ़ी न्यायिक हिरासत के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे दोनों नेता

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर से जुड़े दोनों मामले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, कनॉट प्लेस से संबंधित मामला पहले ही क्राइम ब्रांच को सौंपा जा चुका था, जबकि जंतर-मंतर से जुड़े दूसरे मामले को भी अब ट्रांसफर कर दिया गया है।

13 अक्टूबर को दर्ज हुई थीं दो एफआईआर

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(ए), 332 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, संसद मार्ग थाने में भी लोक सेवक के काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित आरोपों में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग होने और कानून का उल्लंघन किए जाने की आशंका के मद्देनजर एहतियाती कार्रवाई की थी।

आरोप है कि 13 अक्टूबर की सुबह सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे समेत सीजेपी के 14 सदस्य एक निजी परिसर के रास्ते जंतर-मंतर पहुंच गए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर बैरिकेड तोड़े और सुरक्षाकर्मियों के काम में बाधा डाली। प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। मौके पर राष्ट्रीय ध्वज भी फहराया गया था। पुलिस ने सभी 14 लोगों को हिरासत में लिया था।

21 अक्टूबर तक बढ़ाई गई न्यायिक हिरासत

सौरव दास और आशुतोष रांका को इससे पहले भी एहतियातन हिरासत में लिया गया था। दोनों ने एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए बांड भरा था। आरोप है कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पीस बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया और बिना अनुमति प्रदर्शन किया। इसके बाद एसईएम (सब-डिविजनल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट) कोर्ट ने दोनों को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सोमवार को अदालत ने हिरासत दो दिन बढ़ाकर 21 अक्टूबर तक कर दी।

हिरासत को हाईकोर्ट में दी चुनौती

न्यायिक हिरासत बढ़ाए जाने के फैसले के खिलाफ सौरव दास और आशुतोष रांका ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उनके वकीलों ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की है। अब दोनों मामलों के क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर होने के बाद जांच की दिशा पर नजर रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts