CCSU के छात्रों के लिए खुलेंगे ब्रिटेन की यूनिवर्सिटियों के द्वार

ब्रिटिश काउंसिल के साथ ऐतिहासिक समझौता, प्रतिभाशाली स्नातक विद्यार्थियों को मिलेगा दो सप्ताह अध्ययन का अवसर

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की पहल से अंतरराष्ट्रीय शिक्षा की दिशा में विश्वविद्यालय ने बढ़ाया कदम

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU), मेरठ ने उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में बुधवार को विश्वविद्यालय और ब्रिटिश काउंसिल के बीच प्रतिष्ठित SCOUT (Scholars for Outstanding Undergraduate Talent on Subject Specific Skills) कार्यक्रम के अंतर्गत ऑपरेशनल अलायंस एग्रीमेंट (OAA) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली स्नातक विद्यार्थियों को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दो सप्ताह तक अध्ययन करने, शोध कौशल विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

SCOUT के लिए सीधे समझौता करने वाला पहला विश्वविद्यालय बना CCSU

समझौते के संबंध में SCOUT कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश सी. शर्मा ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों के लिए सीधे ब्रिटिश काउंसिल के साथ OAA करने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय दृष्टि और विद्यार्थियों को वैश्विक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाओं को मिलेगी प्राथमिकता

SCOUT कार्यक्रम के तहत सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली स्नातक विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को ब्रिटेन में दो सप्ताह के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस दौरान वे विदेशी शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के साथ आधुनिक शिक्षण एवं शोध पद्धतियों से परिचित होंगे।

कार्यक्रम में नेतृत्व क्षमता, शैक्षणिक एवं शोध कौशल और प्रभावी संचार क्षमता के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सतत विकास, नवाचार और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) से जुड़े विषयों को भी शामिल किया जाएगा।

वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे विद्यार्थी

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने इस पहल को विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना भी है। इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, शोध दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता और रोजगारपरक कौशल विकसित होंगे। उन्होंने जोर दिया कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के अंतरराष्ट्रीय अवसरों में बाधा नहीं बननी चाहिए।

ब्रिटिश काउंसिल की ओर से शैनन वेस्ट ने किए हस्ताक्षर

ब्रिटिश काउंसिल की ओर से डिप्टी डायरेक्टर इंडिया एवं एरिया डायरेक्टर, नॉर्थ इंडिया शैनन वेस्ट ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच उच्च शिक्षा सहयोग को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

शैनन वेस्ट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव विद्यार्थियों को अपना दृष्टिकोण व्यापक बनाने, शोध, भाषा और नेतृत्व कौशल मजबूत करने तथा विभिन्न संस्कृतियों को समझने में मदद करते हैं। CCSU के साथ साझेदारी का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना और उनमें ऐसे कौशल व आत्मविश्वास विकसित करना है, जिनसे वे अपने समुदाय और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

SCOUT विद्यार्थियों के भविष्य को देगा नई दिशा

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश सी. शर्मा ने कहा कि SCOUT केवल विदेश में अध्ययन का अवसर देने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण को विकसित करने की पहल भी है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अवसरों के नए द्वार खुलेंगे। ब्रिटेन में अध्ययन और प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ लौटकर विश्वविद्यालय तथा देश के विकास में योगदान दे सकेंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को मिलेगी मजबूती

यह समझौता राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण, कौशल आधारित शिक्षा, समावेशी अवसरों और वैश्विक शैक्षणिक सहयोग के उद्देश्यों के अनुरूप है। इससे विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, छात्र गतिशीलता और वैश्विक शैक्षणिक सहभागिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ब्रिटिश काउंसिल की Study UK और GREAT अभियान जैसी पहलें भी भारत और ब्रिटेन के बीच शैक्षणिक संबंधों को मजबूत बनाने में सहयोग करती हैं।

समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समझौता हस्ताक्षर समारोह में ब्रिटिश काउंसिल की सीनियर मैनेजर, हायर एजुकेशन (मोबिलिटी) विशु शर्मा उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव अजय कुमार यादव, अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े प्रो. बीर पाल सिंह, SCOUT कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश सी. शर्मा सहित वित्त अधिकारी, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में विश्वविद्यालय और ब्रिटिश काउंसिल के बीच भविष्य में शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts