मेरठ समेत देशभर में धूमधाम से मना दशहरा, धू-धूकर जले रावण के पुतले
दिल्ली में राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने किया रावण दहन, पंचकूला में 221 फुट के रावण का दहन; पटना से गोरखपुर तक दिखा उत्सव का उल्लास
नई दिल्ली। मेरठ समेत देशभर में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरे पर जगह-जगह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। रामलीला मैदानों में उमड़ी भीड़, आतिशबाजी और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच वातावरण उत्सवमय हो गया। दिल्ली से लेकर पटना, जयपुर, गोरखपुर और जम्मू तक लोगों ने रावण दहन के कार्यक्रमों में भाग लिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने किया रावण दहन
राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 में आयोजित दशहरा समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती करने के बाद तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंद्रप्रस्थ रामलीला मैदान में आयोजित विजयादशमी समारोह में हिस्सा लिया और देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। लाल किले के पास लव कुश रामलीला मैदान में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। यहां 110 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया।
पटना में तीनों पुतलों का दहन
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने धनुष से बाण चलाकर प्रतीकात्मक रूप से रावण वध किया। इसके बाद 90 फुट ऊंचे रावण, 80 फुट ऊंचे कुंभकर्ण और 85 फुट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। हरियाणा के पंचकूला में 221 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन आकर्षण का केंद्र रहा।
गोरखपुर में योगी ने किया राजतिलक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का राजतिलक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। राजस्थान के जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दशहरा कार्यक्रम में भाग लेते हुए आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार और नशे जैसी बुराइयों को समाप्त करने का आह्वान किया। पंजाब के लुधियाना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रावण दहन समारोह में शामिल हुए।
जम्मू से कोलकाता तक उत्सव की धूम
जम्मू के परेड ग्राउंड में नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने विजयादशमी समारोह में भाग लिया। दूसरी ओर, कोलकाता में दुर्गा पूजा के उत्सव के बीच श्रद्धालु पंडालों और मंदिरों में पहुंचे। हाल में चोरबागान में भगदड़ की घटना में 19 लोगों की मौत के बाद सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।देशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने बुराई, अहंकार और अन्याय के अंत तथा सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का संदेश दिया।
मेरठ में 32 स्थानों पर राणव का दहन किया गया ।कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने बुराई, अहंकार और अन्याय के अंत तथा सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का संदेश दिया।




No comments:
Post a Comment