मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने पहुंचे सपा नेता, पुलिस ने छीना

अंबेडकर चौक पर पुतले को लेकर पुलिस और सपा नेता में खींचतान; कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जताया विरोध

मेरठ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने रविवार को मेरठ में प्रदर्शन किया। सपा नेता प्रदीप कसाना मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर अंबेडकर चौक पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुतला दहन रोकने के लिए उन्हें घेर लिया।

पुतले को लेकर सपा नेता और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही। पुलिसकर्मियों ने पुतला अपने कब्जे में ले लिया और उसे वहां से लेकर चले गए। सपा नेता ने पुतला जलाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया।

पहले से किया था पुतला दहन का ऐलान

प्रदीप कसाना ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने का पहले ही ऐलान किया था। इससे एक दिन पहले उन्होंने ज्ञापन देने का कार्यक्रम भी बनाया था। हालांकि, पुलिस ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया था और वहीं ज्ञापन ले लिया था।

रविवार को उनके अंबेडकर चौक पहुंचने की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रदीप कसाना पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें घेरकर पुतला अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस कार्रवाई के बाद भी जारी रही नारेबाजी

पुतला पुलिस के कब्जे में जाने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की मांग उठाई। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर अपना विरोध जारी रखा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts