यूरोप में भड़का जनाक्रोश, अल्बानिया में पुलिस पर पथराव तो इटली में आगजनी और लूटपाट
अल्बानिया में छठे दिन भी हिंसक प्रदर्शन, 167 गिरफ्तार और 132 पुलिसकर्मी घायल; महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
तिराना। यूरोप के कई देशों में सरकारों के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। अल्बानिया की राजधानी तिराना में लगातार छठे दिन सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव करने के साथ पेट्रोल बम और स्मोक बम से हमले किए। सरकारी इमारतों, बैंकों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। दूसरी ओर, इटली में महंगाई के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। कई इलाकों में तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं।
अल्बानिया में 167 गिरफ्तार, 132 पुलिसकर्मी घायल
अल्बानियाई पुलिस के मुताबिक, हिंसक घटनाओं के दौरान 167 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 132 पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर झड़प हुई। सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के अलावा दुकानों के शीशे तोड़े गए और आगजनी की गई। आंदोलन में हाईस्कूल और विश्वविद्यालय के छात्रों के शामिल होने से सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग
अल्बानिया में प्रधानमंत्री एडि रामा के खिलाफ प्रदर्शनकारी लगातार इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के आरोपों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। पर्यावरण की अनदेखी कर लक्जरी पर्यटन परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने का भी विरोध हो रहा है। आंदोलन में विपक्षी दलों के साथ पर्यावरण कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री एडि रामा ने हिंसा के पीछे बाहरी ताकतों का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि विस्फोटकों से लदे एक ड्रोन को मार गिराया गया था, जिसके जरिए प्रधानमंत्री कार्यालय के आंतरिक परिसर को निशाना बनाने की कोशिश की जानी थी। रामा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की पेशकश की है, लेकिन इस्तीफा देने की मांग खारिज कर दी है। वह वर्ष 2013 से सत्ता में हैं।
इटली में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक
इटली में भी महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। राजधानी रोम के बाद मिलान समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्तियों में तोड़फोड़ की और आगजनी की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक, मिलान में पुलिस ने 160 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें करीब 80 प्रतिशत नाबालिग बताए गए हैं। शुरुआती दौर में शांतिपूर्ण रहे प्रदर्शन बाद में हिंसक हो गए और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच झड़पें हुईं।
आर्थिक दबाव से बढ़ रहा असंतोष
इटली में बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत को लेकर लोगों में नाराजगी है। वहीं, अल्बानिया में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकारी नीतियों के खिलाफ विरोध तेज हुआ है। दोनों देशों में प्रदर्शन इस बात का संकेत हैं कि आर्थिक दबाव और शासन व्यवस्था को लेकर असंतोष कई जगह उग्र रूप ले रहा है।


No comments:
Post a Comment