नमो भारत को यात्री सेवाओं और संतुष्टि में मिला राष्ट्रीय सम्मान

NCRTC ने लगातार दूसरे वर्ष जीता ‘बेस्ट एग्जीबिटर’ का पुरस्कार, रोजाना 1.10 लाख से अधिक यात्री कर रहे सफर

मेरठ/भुवनेश्वर । दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को यात्री सेवाओं और संतुष्टि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (UMI) कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो-2026 में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) को ‘मेट्रो रेल विद बेस्ट पैसेंजर सर्विस एंड सैटिस्फैक्शन’ श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने NCRTC के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल को यह सम्मान प्रदान किया। इसके साथ ही NCRTC ने प्रदर्शनी श्रेणी में भी प्रथम पुरस्कार हासिल किया। लगातार दूसरे वर्ष संस्था को ‘बेस्ट एग्जीबिटर’ का पुरस्कार मिला है।

4.8 करोड़ से अधिक यात्राएं, रोजाना 1.10 लाख से ज्यादा यात्री

अक्टूबर 2023 में चरणबद्ध तरीके से परिचालन शुरू होने के बाद से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन 1.10 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। कॉरिडोर में एक दिन में सर्वाधिक 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के सफर का रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया है। आधुनिक सुविधाओं, समयबद्ध परिचालन और तेज रफ्तार के कारण नमो भारत क्षेत्रीय परिवहन के प्रमुख साधन के रूप में उभर रहा है।

प्रधानमंत्री ने भी हाल ही में इस कॉरिडोर की समयसीमा के अनुरूप परियोजना पूरी करने और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति की सराहना की थी। उन्होंने ट्रेन की 99.9 प्रतिशत समयपालन दर को भी उल्लेखनीय बताया।

दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच कनेक्टिविटी मजबूत

नमो भारत ने दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाया है। वातानुकूलित कोच, आधुनिक स्टेशन, समय पर ट्रेन संचालन और सुगम इंटरचेंज सुविधाओं से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को लाभ मिल रहा है। सड़क मार्ग पर जाम और खराब मौसम के दौरान भी यह सेवा यात्रियों के लिए एक उपयोगी विकल्प उपलब्ध कराती है।

कॉरिडोर को मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और शहरों की बस सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है। मेरठ में इसी बुनियादी ढांचे पर नमो भारत के साथ मेट्रो सेवाओं का संचालन क्षेत्रीय और स्थानीय परिवहन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदर्शनी में भी NCRTC का प्रदर्शन रहा उत्कृष्ट

UMI-2026 में NCRTC की प्रदर्शनी में दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, उन्नत तकनीक, विभिन्न परिवहन साधनों के एकीकरण और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) की पहल को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया कि नमो भारत किस तरह क्षेत्रीय आवागमन और शहरी विकास को नई दिशा दे रहा है।

NCRTC के अनुसार, तेज कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली में काम करने वाले कुछ पेशेवर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य शहरों और अपने गृह नगरों में रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे रोजगार और शिक्षा के केंद्रों तक पहुंच आसान हो रही है। नमो भारत स्टेशनों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और सेवा क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क मजबूत करने के साथ अधिक सुव्यवस्थित शहरी विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts