सुभारती में विद्यार्थियों ने सीखी पायथन, एआई और ऑटोमेशन की बारीकियां
छह दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला में प्रायोगिक प्रशिक्षण, तकनीकी कौशल और वास्तविक समस्याओं के समाधान पर रहा जोर
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की ओर से आयोजित छह दिवसीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला का समापन हो गया। इसमें विद्यार्थियों को पायथन प्रोग्रामिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एप्लीकेशन और ऑटोमेशन के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग के वाइस प्रिंसिपल डॉ. श्रवण कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में सीईटीपीए इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के विशेषज्ञ मोहम्मद बिलाल ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रायोगिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थी सीखी गई तकनीकों का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं के समाधान में कर सकें।
तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में उतारने पर जोर
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों की पायथन प्रोग्रामिंग की बुनियादी समझ मजबूत करने के साथ उन्हें एआई आधारित एप्लीकेशन विकसित करने में इस तकनीक के उपयोग से परिचित कराना था। छह दिनों के प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को तकनीकी समाधान विकसित करने का अवसर मिला। साथ ही एआई और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों तथा उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
नियमित अभ्यास से मिलेगी सफलता
रिसोर्स पर्सन मोहम्मद बिलाल ने कहा कि आज के तकनीकी दौर में केवल प्रोग्रामिंग का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका उपयोग वास्तविक समस्याओं को हल करने में करना भी जरूरी है। पायथन और एआई जैसी तकनीकें नए विचारों को साकार करने और उपयोगी एप्लीकेशन बनाने के अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, जिज्ञासा और रचनात्मक सोच के साथ नई तकनीकें सीखनी चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना कर सकें।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग ने विशेषज्ञ मोहम्मद बिलाल का आभार जताते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। कार्यशाला का समन्वय इंजीनियर अंशिका शर्मा ने किया। विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे कौशल आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना और उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।


No comments:
Post a Comment