तेरा है या मेरा है, ये लोकतन्त्र किसका है !
- ललिता जोशी
लोकतंत्र में जनता को अपनी बात कहने का अधिकार है। जनता को साथ लेकर राजनीतिक दल उनके मन की करें या करें लेकिन अपने मन की तो जरूर करते हैं। जनता को लगता है कि ये ही हमारे सच्चे हितैषी हैं । अरे भाई ये वही हितकारी काम करते हैं जिनमें उन्हें स्वहित नज़र आता है । जनता और विपक्षी दलों को सत्ताधारी पार्टी की नीतियों के विरुद्ध धरने और प्रदर्शन का हक है । विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में आजकल अगर विपक्षी दल सत्ताधारी दल की नीतियों की आलोचना कर दे तो सत्ताधारियों को ये बर्दाश्त ही नहीं हो पा रहा है । यही सब चलता आ रहा है । विपक्ष को सत्ता पक्ष कि नहीं सुननी । आज हमारा देश धरने और प्रदर्शनों का अखाड़ा बन चुका है । ये धरने और प्रदर्शन सड़क से संसद तक हो रहे हैं । आम आदमी को असुविधा होती है तो होती रहे । मैन्नु की वाली नीति से राजनीतिक दल अपना काम करते रहते हैं ।
अपने देश में बहुत से मुद्दों पर देश के बहुत से वर्ग आज सरकार की कार्यशैली से असन्तुष्ट हैं । इसमें ज़ेन जी से लेकर वरिष्ठ नागरिक हैं और नौकरी पेशा लोग भी हैं । ज़ेन जी को शिकायत पेपर लीक से लेकर अपने भविष्य के लिए है । मुद्दा है बारंबार पेपर लीक और रद्द होती प्रतियोगी परीक्षाएं । आम आदमी बढ़ती महंगाई के कारण हैरान और परेशान है । स्कूलों की बढ़ती फीस से अभिभावक परेशान हैं । गिरते बाज़ार से निवेशक हैरान है । तेल की बढ़ती कीमतों के कारण व्यापारी और ग्राहक दोनों ही परेशान हैं । घर का बजट तो हिल चुका है ।
इतना ही नहीं भ्रष्टाचार और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, डिजिटल फ्राड से सभी त्रस्त हैं । आजकल तो चोर भी हाइटेक हो चुके हैं उन्हे घरों के तले नहीं तोड़ने पड़ते वो सीधे बैंक के खातों पर हमला कर राशि को लूट ले जाते हैं । ऐसे ही बहुत से अपराध हैं जिनसे आज आम आदमी बहुत अधिक परेशान है । आजकल तो विपक्ष ने सरकार को ऐसे मुद्दे पर घेर रखा है वो है, विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया द्वारा मतदाता सूची से मतदाताओं का नाम गायब होना । जिन मतदाताओं के अमूल्य मत से सरकारें बनती हैं, उन्हीं को बाहर कर दिया मतदाता सूची से । इतना हो -हल्ला मचा हुआ है पूरे देश में वोट चोरी के नाम पर । विपक्ष कहता है सत्ताधारी दल एस आई आर के नाम पर मतदाताओं के नाम काट रहे हैं । सत्तापक्ष का कहना है कि जिनका नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं वो सभी घुसपैठिए हैं । ये घुसपैठिए देश के अवैध नागरिक हैं । इसीलिए इनका नाम मतदाता सूची से कटना जायज है । हारे हुए नेता कहते हैं कि सत्ताधारी दल ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर वोटर लिस्ट से नाम कटवाएँ हैं । इसीलिए सत्ताधारी दल प्रत्येक राज्य में विजयी होता जा रहा है । सभी के अपने -अपने दावे हैं । एक तरफ विपक्षी राजनीतिक दल हैरान हैं तो दूसरी ओर मतदाता परेशान हैं । कुछ तो गड़बड़ियाँ जरूर होंगी लेकिन अपने देश के लोग मतदाता सूचियों के नामों से तब हतप्रभ हुए जब नामीगिरामी लोगों के नाम भी मतदाता सूचियों से गायब होने लगे । ‘यहाँ कुछ तो गड़बड़ है दया’अचानक से सी आई डी का ये डायलॉग याद आ गया।
वैसे लोकतन्त्र “जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा” चुना गया शासन है। आज तो लोकतंत्र में जनता कहाँ है वो तो बस वोट डालने की मशीन बन गई है । लोकतन्त्र (Democracy) शब्द ग्रीक भाषा के दो शब्दों-‘डेमोस’ (जनता) और ‘क्रेटोस’ (शासन या सत्ता) -से मिलकर बना है । इसका शाब्दिक अर्थ “जनता का शासन” या “जनता की शक्ति” होता है । अपने देश में मतदाताओं की हालत देखकर लगता है अब तो लोकतन्त्र लोक का न होकर बस राजनेताओं का होकर रह गया है । लोकतन्त्र की ठेकेदारी अब तो नेताओं के पास है और मतदाता तो इन ठेकेदारों द्वारा दी जाने वाली मुफ्त की रेवड़ियों का बंधक है । नाम कटे या रहे किसको चिंता है जनता की । हमारे नेताओं को मालूम है कि लोकतन्त्र में जनता को कैसे काबू किया जा सकता है । जनता तो भेड़ों के उस झुंड के समान है जो ताकतवर चरवाहे के इशारों पर चल पड़ती है ।
इसीलिए तो आज हमारे लोकतन्त्र में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, टूटती हुई सड़कें, फ्लाईओवर और पुल, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा जैसे कोई मुद्दे ही नहीं हैं। वैसे अपने देश में अवैध कॉलोनियां वैध हो जाती हैं तो ये अवैध वोटर यानि घुसपैठिए भी किसी न किसी राजनीतिक दल ने तो अपनी जीत के लिए के वैध वोटर बनाए होंगे लेकिन वो फिर से अवैध बन गए जैसे ‘मूषक पुन:मूषक भवन्ति’ । लोकतन्त्र और मतदाता के लिए आए दिन धरने और प्रदर्शन हो रहे हैं । इनसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट, बाज़ार, सड़क, कार्यालय, स्कूल और कॉलेज सभी प्रभावित हो रहें। इससे आम आदमी प्रभावित हो रहा है लेकिन राजनीतिक दल अपने शक्ति प्रदर्शन में ।
वैसे ये दौर पूरे विश्व में चल रहा है । अपने देश में भी यही सब चल रहा है । है न मजे की बात जो जनता इन्हें सत्ता में बैठाती है और फिर यही जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन जनप्रतिनिधियों के आवास और कार्यालय के चक्कर काटती रह जाती है । जनता पस्त और नेताजी मस्त । हम डिजिटल युग में हैं तो नेताओं के ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर आ जाते हैं कि जनता के कान लाल हो जाते हैं ।
ये लोकतन्त्र तो राजनीतिक दलों के मल्लयुद्ध का अखाड़ा बन गया है । लगता है कि राजनीतिक दल ताल ठोक कर कह रहे हैं की तेरा है या मेरा है ये लोकतन्त्र किसका है ! लोकतन्त्र वोट से वोट के लिए नेताओं के लिए है । कौन सी जनता कैसी जनता । जनता तो माध्यम है नेताओं को सत्ता तक पहुंचाने के लिए । जनता तो प्यादा है लोकतन्त्र का मालिक कोई और ।
राजनीतिक दल कहते हैं : तेरा है या मेरा है ये लोकतन्त्र किसका है !
(मुनिरका एन्क्लेव, दिल्ली)





No comments:
Post a Comment