व्यापारी का एक इंच भी निर्माण टूटा तो एमडीए पर करेंगे तालाबंदी: आशु शर्मा
ध्वस्तीकरण के विरोध में पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने निकाला जुलूस, मुख्यमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने मेरठ में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पं. आशु शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारियों ने कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकाला। इस दौरान नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। आशु शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी व्यापारी का एक इंच भी निर्माण तोड़ा गया तो मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) कार्यालय पर तालाबंदी कर दी जाएगी।
पं. आशु शर्मा ने कहा कि जनपद के लोगों में भय का माहौल है। संगठन सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की कथित नाकामी और मेरठ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की मनमानी के कारण हजारों लोगों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण के अधिकारियों ने गलत सर्वे रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग की।
सीएम ग्रिड योजना से बाजारों में कारोबार प्रभावित
आशु शर्मा ने कहा कि मेरठ में सीएम ग्रिड योजना के नाम पर नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों ने शहर के प्रमुख बाजारों में खुदाई कर रखी है। त्योहारों के महत्वपूर्ण सीजन में भी दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित हो रही है। नाले टूटे पड़े हैं और व्यवस्था अस्त-व्यस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर नगर निगम ने व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं कीं तो निगम का घेराव किया जाएगा।
खाद्य विभाग पर छोटे व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप
संगठन ने खाद्य विभाग के अधिकारियों पर जांच के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। आशु शर्मा ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
संगठन ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को 15 दिन का समय दिया है। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल आंदोलन करेगा।
इस दौरान पीयूष वशिष्ठ, सुमेर सिंह धार, विजय ओबराय, हाजी सारिक, विजय राठी, मनजीत सिंह कोछड़, सरताज गाजी, प्रवीण वशिष्ठ, अशफाक पहलवान, मंसूर भाई, सोनू कुरैशी, सोनू शर्मा, शैवाल दुबलिश, हरिओम शर्मा, ललित गुप्ता, श्याम परूथी, आदेश अग्रवाल, दीपक पिलानिया, चंद्र प्रकाश शर्मा, हाजी आसिफ खान, दीपक त्यागी, भारत गुप्ता, हरप्रीत आहूजा, जस्सी सिंह, संजू त्यागी और प्रवीण महरौल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment