फर्जी फर्मों से करोड़ों की जीएसटी चोरी का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
फर्जी ई-वे बिल बनाकर लेते थे इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ, एसटीएफ मेरठ की टीम ने दी दबिश
लखनऊ/मेरठ। फर्जी फर्म बनाकर और कूटरचित ई-वे बिल के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अनुचित लाभ लेकर सरकार को करोड़ों रुपये की चपत लगाने वाले गिरोह के सदस्य अंकुर कांडा को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना कोतवाली पीलीभीत में दर्ज वर्ष 2023 के एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। एसटीएफ मेरठ की टीम ने मुखबिर की सूचना पर जयपुर स्थित उसके आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे अंकुर कांडा पुत्र महावीर प्रसाद को जयपुर स्थित उसके आवास से पकड़ा गया। आरोपी जयपुर के अशोक नगर थाना क्षेत्र का निवासी है। इस मामले में 3 जनवरी 2023 को पीलीभीत निवासी मोहम्मद फरमान ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उसकी फर्म ‘फरमान एंड संस’ के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर दिल्ली में ‘रायन इंटरनेशनल’ और ‘फुटनेक्स्ट इंटरनेशनल’ के नाम से फर्जी फर्में बनाई गईं। इन फर्मों के माध्यम से लाखों रुपये का कारोबार दर्शाकर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे जीएसटी की चोरी की गई। मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में विवेचना एसटीएफ मेरठ को सौंप दी गई।
बिटुमन ट्रेडिंग की आड़ में चल रहा था खेल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ‘एशिया बिटुमन’ नाम से फर्म बनाकर बिटुमन का कारोबार करता था। वर्ष 2017-18 में दिल्ली में कुछ लोगों से उसकी मुलाकात हुई, जिन्होंने फरमान के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी फर्में खोलने की जानकारी दी। आरोप है कि बिटुमन ट्रेडिंग के नाम पर ‘रायन इंटरनेशनल’ का पंजीकरण कराया गया और आईडीबीआई, यस बैंक समेत अन्य बैंकों में खाते खोले गए।
फर्जी बिलों से आईटीसी का अनुचित लाभ
एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह उन कारोबारियों के नाम पर फर्जी ई-वे बिल तैयार करता था, जिन्हें इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेना होता था। इसके बाद संबंधित रकम अपने बैंक खातों में लेकर हवाला के माध्यम से कमीशन काटकर वापस कर दी जाती थी। इस प्रक्रिया के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाकर आईटीसी का अनुचित लाभ लिया जाता था।
एसटीएफ मेरठ के निरीक्षक रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक अरुण कुमार निगम और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी को थाना कोतवाली पीलीभीत में दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment