परिवार के विरोध के बावजूद दारोगा ने कराया पोस्टमार्टम, खुला अमित हत्याकांड का राज

मेरठ। चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद मामले की जांच से जुड़ी अहम कड़ियां सामने आई हैं। हत्याकांड का खुलासा करने में विवेचक दारोगा इंदू वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्हें मामले में संदेह हुआ तो परिजनों और पत्नी के विरोध के बावजूद अमित का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पूरे मामले का राज खुला।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 की रात रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित की हत्या की साजिश रची थी। आरोप पत्र में कहा गया कि वारदात के दौरान रविता ने अमित का हाथ पकड़ा, जबकि अमरदीप ने उसका गला दबाया। इसके बाद घटना को प्राकृतिक सर्पदंश का रूप देने के लिए बिस्तर पर सांप छोड़ दिया गया। बताया गया कि अमित के बिस्तर में कमर के नीचे घोड़ापछाड़ सांप की पूंछ दबाई गई थी, जिसके बाद सांप ने उसे पांच बार डसा।

13 अप्रैल की सुबह अमित का पांच वर्षीय बेटा अनिकेत उसे जगाने पहुंचा। काफी प्रयास के बाद भी अमित नहीं उठा तो उसने शोर मचाया। परिजनों ने देखा कि अमित की कमर के नीचे सांप दबा हुआ था। पिंटू और सुखपाल ने सांप को डिब्बे में बंद कर दिया। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य सर्पदंश से हुई मौत माना, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की दिशा बदल दी।

विवेचक इंदू वर्मा ने जांच के दौरान अहम साक्ष्य जुटाए। रविता और अमरदीप की कॉल डिटेल से उनके प्रेम संबंधों का पता चला, जबकि सपेरे प्रीतमनाथ की गवाही भी महत्वपूर्ण रही। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फरजाना मकसूद ने अदालत में साक्ष्य प्रस्तुत किए।

मामले में अदालत में 86 तारीखों पर सुनवाई हुई और 12 गवाहों की गवाही दर्ज की गई। सात अक्टूबर को अदालत ने रविता और अमरदीप को दोषी करार दिया था। शुक्रवार को दोनों को फांसी की सजा सुनाई गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts