गंगा के आसमान में राफेल-सुखोई का शौर्य, मोदी ने देखा वायुसेना का भव्य एयर शो
‘विंग्स ओवर गंगा’ में 100 विमानों ने दिखाए करतब, 52 लड़ाकू विमान रहे शामिल; सूर्यकिरण टीम ने तिरंगे के रंगों से सजाया आसमान
वाराणसी। गंगा के ऊपर आसमान में रविवार को भारतीय वायुसेना की ताकत और कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो देखा। ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें राफेल, सुखोई सहित 52 लड़ाकू विमान शामिल थे। प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
एयर शो में राफेल और सुखोई-30 एमकेआई ने कम ऊंचाई पर रोमांचक हवाई करतब दिखाए। कभी विमान तेजी से ऊपर उठे तो कभी अचानक नीचे की ओर मुड़ते हुए आसमान में गोल चक्कर लगाते नजर आए। चेतक हेलिकॉप्टर ने फूल बरसाकर लोगों का ध्यान खींचा। वायुसेना के इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
तीर की नोक जैसी फॉर्मेशन में उड़े लड़ाकू विमान
राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, जगुआर, मिराज-2000, तेजस और मिग-29 ने तीर की नोक जैसी फॉर्मेशन में उड़ान भरी। विमानों के एक साथ आगे बढ़ने का दृश्य ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता की याद दिलाता नजर आया।
सी-17 ग्लोबमास्टर और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के नौ हॉक विमानों ने एक साथ उड़ान भरी। सूर्यकिरण टीम ने आसमान में शानदार कलाबाजियां दिखाईं और तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरी। चिनूक हेलिकॉप्टर ने भी विशेष फॉर्मेशन बनाकर गंगा के ऊपर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
अलग-अलग फॉर्मेशन ने मोहा मन
एयर शो में विमानों ने अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर अपनी सटीकता और आपसी तालमेल का प्रदर्शन किया। सी-295 और दो डोर्नियर विमानों ने विशेष फॉर्मेशन में उड़ान भरी। गंगा के ऊपर से गुजरते विमानों की गर्जना और उनकी कलाबाजियों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
यह आयोजन भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वायुसेना की परिचालन क्षमता, आधुनिक तकनीक और हवाई कौशल को प्रदर्शित करना था।
100 करोड़ की टेक्सटाइल यूनिट का उद्घाटन
एयर शो से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नई कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस यूनिट में स्पोर्ट्सवियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा।
इस इकाई से लगभग एक हजार महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यहां 300 मशीनें लगाई गई हैं और करीब 300 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यूनिट के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक सात किलोमीटर रोड शो
टेक्सटाइल यूनिट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रास्ते में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया तथा गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। प्रधानमंत्री ने वाहन से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह नमो घाट पहुंचे और वायुसेना का एयर शो देखा।




No comments:
Post a Comment