अनिश्चित परिस्थितियों में सही निर्णय लेना ही सफलता की कुंजी: तान्या गुप्ता
शोभित विश्वविद्यालय की CXO टॉक सीरीज़ में मास्टर क्लास, विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान और पेशेवर दृष्टिकोण
मेरठ, लोकसत्य। बदलते व्यावसायिक परिवेश में सफलता केवल किताबी ज्ञान और तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि अनिश्चित परिस्थितियों में सही निर्णय लेने, तार्किक सोच विकसित करने और चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के NICE स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की ओर से विश्वविद्यालय की CXO टॉक सीरीज़ के अंतर्गत ‘डिसीजन-मेकिंग अंडर अनसर्टेन्टी’ विषय पर विशेष मास्टर क्लास का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों और विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित कर अकादमिक ज्ञान तथा व्यावहारिक अनुभव के बीच सेतु बनाना रहा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों, नेतृत्व की कार्यशैली और बदलते कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिला।
तथ्यों के विश्लेषण से लें प्रभावी निर्णय
कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी एवं व्यावसायिक प्रबंधन की विशेषज्ञ तान्या गुप्ता, सीनियर टेक्निकल बिजनेस एनालिस्ट, प्रोडक्ट ओनर, लेखिका, वक्ता एवं मेंटर ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पेशेवर जीवन में कई बार निर्णय लेने के लिए सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध नहीं होतीं। ऐसे में तथ्यों का विश्लेषण, तार्किक चिंतन, संभावित जोखिमों का आकलन और उपलब्ध विकल्पों की समीक्षा प्रभावी निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तान्या गुप्ता ने प्रौद्योगिकी परियोजनाओं, एजाइल कार्यप्रणाली और परियोजना प्रबंधन से जुड़े अनुभवों के माध्यम से समझाया कि अनिश्चितता को केवल चुनौती के रूप में देखने के बजाय सीखने, नवाचार करने और नए अवसर तलाशने के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने आत्मविश्वास, अनुकूलनशीलता और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की क्षमता को पेशेवर जीवन की आवश्यक दक्षताएं बताया।
नेतृत्व के लिए सही सवाल पूछना भी जरूरी
मास्टर क्लास में विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक परिस्थितियों को समझने और अपनी निर्णय क्षमता विकसित करने का अवसर मिला। सत्र के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि प्रभावी नेतृत्व के लिए केवल सही उत्तर जानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही प्रश्न पूछना, उपलब्ध जानकारी का विवेकपूर्ण उपयोग करना और अपने निर्णयों की जिम्मेदारी लेना भी जरूरी है।
कुलपति ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में आलोचनात्मक चिंतन, आत्मविश्वास और विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता के महत्व को रेखांकित किया। IQAC के निदेशक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार गुप्ता ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और उद्योग जगत से जुड़ाव को विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता मजबूत करने के लिए आवश्यक बताया।
NICE स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की निदेशक प्रो. (डॉ.) क्षमता चौहान ने प्रबंधन शिक्षा को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में ऐसी पहलों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
CXO टॉक सीरीज़ के प्रोफेसर-इन-चार्ज एवं निदेशक, यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. अभिषेक डबास ने कहा कि उद्योग जगत के अनुभवी विशेषज्ञों के साथ संवाद विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, नए दृष्टिकोण और पेशेवर अनुभव प्रदान करता है। ऐसी पहल विश्लेषणात्मक सोच, समस्या समाधान, नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।
शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा यजुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर निदेशक, आउटरीच डॉ. नेहा वशिष्ठ, निदेशक, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग डॉ. संदीप कुमार, डॉ. प्रियंका शर्मा, राधा, डॉ. प्रीति गर्ग, डॉ. नवनीश त्यागी और डॉ. एवगेनिया सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के निदेशक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment