खामेनेई की अमेरिका-इजराइल को खुली चेतावनी, बोले- जंग कब और कैसे खत्म होगी, ईरान तय करेगा

सेना को हर हमले का तत्काल जवाब देने के लिए तैयार रहने का आदेश, अमेरिकी ठिकानों की नई टारगेट लिस्ट बनाने को कहा; 4 नवंबर से ईरान पर संभावित अमेरिकी हमले की चर्चा से बढ़ा तनाव

तेहरान। अमेरिका और इजराइल के साथ जारी तनाव के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने दोनों देशों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि जंग कब और किन शर्तों पर खत्म होगी, इसका फैसला ईरान करेगा। यदि अमेरिका या इजराइल ने दोबारा हमला किया तो ईरान तत्काल और जोरदार जवाब देगा। खामेनेई ने सेना को किसी भी संभावित हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है।

शनिवार को सेना के वरिष्ठ कमांडरों के साथ बैठक में खामेनेई ने कहा कि जवाबी कार्रवाई के लिए ईरान किसी भौगोलिक सीमा में बंधा नहीं रहेगा। उनके बयान को बाद में टेलीग्राम अकाउंट पर जारी किया गया। उन्होंने सेना को अमेरिका और इजराइल के सैन्य ठिकानों सहित उनकी अन्य संपत्तियों की नई टारगेट लिस्ट तैयार करने को भी कहा है।

4 नवंबर से अमेरिकी हमले की आशंका

इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका फिर गहराने लगी है। अमेरिकी न्यूज चैनल MS NOW की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने खाड़ी देशों को अलर्ट रहने को कहा है। रिपोर्ट में तीन वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि अमेरिका 4 नवंबर से ईरान पर संभावित हमले की तैयारी कर रहा है। यह कार्रवाई कम समय की, लेकिन बेहद घातक हो सकती है।

अराघची बोले- हमारी सेना पूरी तरह तैयार

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में अमेरिका के एक और हमले की आशंका से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि ईरानी सेनाएं पूरी तरह तैयार हैं और देश किसी भी स्थिति का सामना कर सकता है।

अराघची ने बताया कि ईरान को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का पत्र मिला है, जिस पर शीर्ष अधिकारियों ने चर्चा की है। हालांकि, फिलहाल अमेरिकी अधिकारियों के साथ सीधे बातचीत की कोई योजना नहीं है। भविष्य में वार्ता आमने-सामने होगी या मध्यस्थों के जरिये, यह ईरान की शर्तों पर निर्भर करेगा। उन्होंने स्वीकार किया कि अमेरिकी प्रतिबंधों से ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है, लेकिन उनका देश आत्मसमर्पण नहीं करेगा।

ट्रंप बातचीत चाहते हैं, सैन्य विकल्प भी खुला

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को अटलांटा में जी-20 की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दोबारा हमले का अभी कोई फैसला नहीं लिया है। ट्रंप फिलहाल बातचीत के जरिए विवाद सुलझाना चाहते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला है।

रुबियो ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह अपनी मांगें मनवाने के लिए जहाजों पर हमले और पड़ोसी देशों के तेल-गैस ठिकानों को निशाना बनाने की धमकियां दे रहा है।

बातचीत के लिए ईरान की तीन बड़ी शर्तें

ईरान अमेरिका के साथ बातचीत में तीन प्रमुख मांगें रख रहा है। इनमें तेल बेचने पर लगी पाबंदियों में राहत, आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना और कतर में जमा करीब छह अरब डॉलर की ईरानी रकम वापस करना शामिल है। इन मांगों पर सहमति बनने के बाद ही आगे बातचीत का रास्ता खुलने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts