गिनी के राजदूत ने आईआईएमटी के विद्यार्थियों को दिया वैश्विक साझेदारी का न्योता

शोध, नवाचार और निवेश में सहयोग का आह्वान, गिनी की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘सिमांडू 2040’ की दिखाई डॉक्यूमेंट्री

मेरठ। भारत में गिनी के राजदूत अलासाने कोंटे ने बुधवार को पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आईआईएमटी विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर शोध, नवाचार और विकास के क्षेत्र में भारत-गिनी के बीच साझेदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने गिनी में निवेश की संभावनाओं और देश की महत्वाकांक्षी विकास परियोजना ‘सिमांडू 2040’ के बारे में भी जानकारी दी।

विश्वविद्यालय के चांसलर योगेश मोहनजी गुप्ता ने बुके और स्मृति चिह्न देकर राजदूत का स्वागत किया। राजदूत ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर यहां के शैक्षणिक ढांचे और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने कम समय में विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना की।

शोध और नवाचार में सहयोग की अपील

विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को संबोधित करते हुए अलासाने कोंटे ने कहा कि गिनी बॉक्साइट सहित विभिन्न खनिज संसाधनों, नदियों और अनुकूल प्राकृतिक परिस्थितियों से संपन्न देश है। वहां की सरकार निवेश, शोध और नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से गिनी के साथ मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष मिलकर शोध, नवाचार और विकास के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाश सकते हैं।

‘सिमांडू 2040’ से बदलेगी विकास की तस्वीर

राजदूत ने गिनी की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘सिमांडू 2040’ की प्रमुख विशेषताओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया। परियोजना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। उन्होंने बताया कि गिनी में कृषि, खनन, आधारभूत ढांचे, व्यापार, परिवहन, संचार, शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए भारतीय युवाओं को गिनी के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया।

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, राजदूत ने दिए जवाब

संवाद सत्र में पत्रकारिता विभाग की छात्राओं मनु चौधरी, शगुन मावी और अंजली पाल सहित अन्य विद्यार्थियों ने राजदूत से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। अलासाने कोंटे ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का जवाब दिया और उनके साथ विचार साझा किए।

कार्यक्रम में डॉयरेक्टर एडमिन डॉ. संदीप कुमार ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। आईआईएमटी रेडियो की डायरेक्टर डॉ. सुगंधा क्षोत्रिय ने कार्यक्रम का समन्वय किया, जबकि मंच संचालन एकता शर्मा ने किया। डीन एक्टिविटीज डॉ. लखविंदर सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल सेल के डायरेक्टर डॉ. राकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts