मतदाता सूची के डिजिटल आंकड़े दलों को दें, चुनाव आयोग पर उठे सवाल
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मेरठ पहुंचे एआईसीसी ऑब्जर्वर अनंत दहिया, एसआईआर रोकने और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग
मेरठ। मतदाता सूची में पारदर्शिता और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने मेरठ में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को एआईसीसी ऑब्जर्वर अनंत दहिया बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने प्रेसवार्ता में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए और मतदाता सूची के डिजिटल आंकड़े सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने की मांग की।
अनंत दहिया ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना जरूरी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर उठ रहे सवालों का जवाब मूल आंकड़ों को सार्वजनिक करके दिया जाना चाहिए, ताकि उनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन हो सके।
महाराष्ट्र से हरियाणा तक की विसंगतियों का उठाया मुद्दा
दहिया ने राहुल गांधी की ओर से महाराष्ट्र, महादेवपुरा, आलंद और हरियाणा में मतदाता सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर उठाए गए सवालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों में मूल डिजिटल आंकड़े राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए जाएं और सामने आई विसंगतियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। कांग्रेस का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई
एआईसीसी ऑब्जर्वर ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया स्थगित करने और कथित गंभीर अनियमितताओं की स्वतंत्र व समयबद्ध जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर जनता का विश्वास कायम रहना चाहिए।
बूथ स्तर पर मतदाता सूची खंगालेंगे कार्यकर्ता
दहिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों के नाम सूची से गायब हैं, उनकी शिकायतें दर्ज कराई जाएं। ऐसे लोगों को नाम जुड़वाने, विवरण में संशोधन कराने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपील करने में मदद दी जाए।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का प्रयास है। कांग्रेस मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए अपना अभियान जारी रखेगी।


No comments:
Post a Comment