‘ज्ञानेश कुमार को जाना होगा’, कॉकरोच जनता पार्टी ने इंडिया गठबंधन की रैली को दिया समर्थन
एसआईआर पर उठाए सवाल, कहा- किसी भी पात्र मतदाता का वोट काटने का अधिकार नहीं; संविधान और डॉ. आंबेडकर का किया उल्लेख
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक घमासान के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने इंडिया गठबंधन की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली को समर्थन देने का एलान किया है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारा देते हुए कहा, ‘ज्ञानेश कुमार को जाना होगा।’ पार्टी ने पात्र मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
एसआईआर को लेकर जताई चिंता
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने बयान में एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के कारण पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर चिंताएं पैदा हुई हैं। पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया से लोगों में अपना मताधिकार छिनने का डर बढ़ रहा है। उसके अनुसार, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जरूरी भरोसा खो दिया है।
संविधान और आंबेडकर का किया जिक्र
पार्टी ने अपने बयान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और संविधान निर्माताओं के योगदान का उल्लेख किया। उसने कहा कि संविधान सभी वयस्क नागरिकों को जाति, धर्म, लिंग, शिक्षा और आर्थिक स्थिति के भेदभाव के बिना मतदान का समान अधिकार देता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और कोई भी अपने मताधिकार से वंचित न हो।
निष्पक्ष चुनाव के समर्थन में रैली
पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग उठाने वाले संगठनों के साथ खड़ी है। इसी आधार पर उसने इंडिया गठबंधन की रैली का समर्थन किया है। एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच पार्टी का यह रुख सामने आया है। अपने संदेश के अंत में पार्टी ने ‘राष्ट्र सबसे ऊपर’ का नारा भी दिया।


No comments:
Post a Comment