टाइगर श्रॉफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग, ड्राइवर समेत दो घायल; हमले के बाद खुद चलाई कार

: जुहू के पुष्पा पार्क के पास तीन बाइक सवारों ने की गोलीबारी, हमलावरों का वीडियो आया सामने; पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जांच के लिए 15 टीमें गठित

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। ड्राइवर के घायल होने के बाद अभिनेता ने खुद कार की ड्राइविंग सीट संभाली और वहां से निकल गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

हमलावरों का वीडियो आया सामने

फायरिंग से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। इनमें बाइक सवार तीन हमलावर टाइगर श्रॉफ की कार के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इनमें से दो लोगों ने कार पर नजदीक से गोलियां चलाईं। गोलीबारी होते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। वीडियो में लोग गोली लगने की आशंका जताते हुए चिल्लाते सुनाई देते हैं। कार के पास खून भी दिखाई देने की बात सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी में अलग-अलग संख्या में गोलियां चलने की बात कही गई है। बताया गया कि एक हमलावर ने तीन और दूसरे ने एक राउंड फायर किया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, गोलीबारी की सटीक संख्या और हमले के मकसद की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धमकी देते हुए सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाने की चेतावनी भी दी गई। हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और कथित गैंग से उसके संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फणवीज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जांच के आदेश दिये है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts