मेरठ सर्किट हाउस में मधुमक्खियों का हमला, मची भगदड़

रील बनाने के चक्कर में छत्ते से छेड़छाड़ की आशंका, युवक को करीब 50 डंक लगे; बेहोश होकर गिरा, स्कूली बच्चों समेत कई घायल

मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस में सोमवार दोपहर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इससे परिसर में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। हमले में नगला भट्टू निवासी अभिनव को करीब 50 डंक लगे। वह बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए भागा, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई। हमले में कई अन्य लोग और स्कूली बच्चे भी घायल हुए हैं।

छत्ते से छेड़छाड़ के बाद उग्र हुईं मधुमक्खियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब चार बजे सर्किट हाउस परिसर में स्कूली छात्रों समेत कई लोग मौजूद थे। कुछ लोग रील बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा मधुमक्खियों के छत्ते से छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद मधुमक्खियों का झुंड उग्र हो गया और वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे।

अभिनव को 50, दूसरे युवक को आठ डंक लगे

हमले में नगला भट्टू निवासी अभिनव को करीब 50 जगह डंक लगे। वह दर्द से चिल्लाता हुआ भागा, लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। वहीं, साकेत निवासी शाहिल कुशवाहा भी मधुमक्खियों के हमले में घायल हो गया। वह खाटूश्याम जी के जागरण की वीडियो बनाने के लिए सर्किट हाउस पहुंचा था। उसे करीब आठ जगह डंक लगे। इसके अलावा शास्त्रीनगर निवासी उन्नति समेत कई स्कूली बच्चों को भी मधुमक्खियों ने काट लिया।



पुलिस और दमकल की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश अभिनव को सुशीला जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद दमकल की गाड़ी भी सर्किट हाउस पहुंची। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर मधुमक्खियों को भगाने का प्रयास किया। इसके बाद लोगों को कुछ राहत मिली, हालांकि परिसर में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

केयरटेकर बोले, दोपहर में हुआ हमला

सर्किट हाउस के केयरटेकर सुरेश चंद्र ने बताया कि दोपहर में कुछ लोग परिसर में घूम रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि वहां एक परिवार के लोग भी मौजूद थे, जिनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली है। केयरटेकर के अनुसार, घटना के बाद भी मधुमक्खियों के हमले का खतरा बना हुआ था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts