सीसीएसयू में बदलेगा परीक्षा मूल्यांकन का तरीका, अब ग्रेड और सीजीपीए से भी बनेगा रिजल्ट

एनईपी-2020 के तहत नए ऑर्डिनेंस को मंजूरी, पीजी में चौथे सेमेस्टर से चार क्रेडिट का रिसर्च प्रोजेक्ट अनिवार्य; हर विषय में 33 प्रतिशत अंक जरूरी

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पढ़ाई, क्रेडिट व्यवस्था और परीक्षा मूल्यांकन में बदलाव किया गया है। अब विद्यार्थियों का परिणाम केवल प्राप्तांकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रेड, ग्रेड प्वाइंट, सेमेस्टर ग्रेड प्वाइंट एवरेज (एसजीपीए) और क्यूम्युलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (सीजीपीए) के आधार पर भी तैयार किया जाएगा। विश्वविद्यालय की एकेडमिक काउंसिल ने नए एनईपी ऑर्डिनेंस को मंजूरी दे दी है।

पीजी में शोध को मिलेगा बढ़ावा

नई व्यवस्था के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए चौथे सेमेस्टर में चार क्रेडिट का रिसर्च प्रोजेक्ट शामिल किया गया है। पीजी के पहले, दूसरे और तीसरे सेमेस्टर में 20-20 क्रेडिट के मेजर विषय होंगे। चौथे सेमेस्टर में भी 20 क्रेडिट के मेजर विषयों के साथ चार क्रेडिट का शोध प्रोजेक्ट करना होगा। इससे विद्यार्थियों को अपने मुख्य विषय में गहराई से अध्ययन और शोध का अवसर मिलेगा। पहले से पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों पर पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी।

यूजी में छह सेमेस्टर में 120 क्रेडिट

तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में छह सेमेस्टर के दौरान कुल 120 क्रेडिट अर्जित करने होंगे। प्रथम और तृतीय सेमेस्टर में 23-23, दूसरे और चौथे सेमेस्टर में 17-17, जबकि पांचवें और छठे सेमेस्टर में 20-20 क्रेडिट निर्धारित हैं। पाठ्यक्रम में मेजर और माइनर विषयों के साथ कौशल विकास और सह-पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया गया है। चौथे सेमेस्टर में चयनित मेजर विषयों में से किसी एक से संबंधित तीन क्रेडिट की शोध परियोजना का भी प्रावधान है।

बैक पेपर के नियम भी लागू रहेंगे

नई व्यवस्था में विद्यार्थियों को मौजूदा सेमेस्टर के परिणाम की परवाह किए बिना अगले सेमेस्टर में प्रमोट किया जा सकेगा। हालांकि, डिग्री प्राप्त करने के लिए सभी निर्धारित विषयों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य रहेगा। बैक पेपर, प्रायोगिक परीक्षा और अंक सुधार के अवसर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार मिलेंगे। स्नातक की डिग्री अधिकतम छह वर्ष में पूरी करनी होगी। एसजीपीए से एक सेमेस्टर के प्रदर्शन और सीजीपीए से सभी सेमेस्टरों के समग्र प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा।

हर विषय में 33 प्रतिशत अंक जरूरी

स्नातक परीक्षा एवं मूल्यांकन नियमों के तहत प्रत्येक विषय में थ्योरी और प्रैक्टिकल सहित न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। मेजर और माइनर विषयों में बाह्य परीक्षा के लिए 75 और आंतरिक मूल्यांकन के लिए 25 अंक निर्धारित हैं। बाह्य परीक्षा में कम से कम 25 अंक प्राप्त करने होंगे। वहीं, आंतरिक और बाह्य मूल्यांकन को मिलाकर कुल 33 अंक हासिल करना जरूरी होगा। निर्धारित न्यूनतम अंक नहीं मिलने पर विद्यार्थी को संबंधित विषय में अनुत्तीर्ण माना जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts