मेडिकल कॉलेज में मनाया सरदार पटेल का जन्मदिवस, राष्ट्रीय एकता की दिलाई याद

562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी: डॉ. अजीत चौधरी

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान ने कहा कि प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान की याद दिलाता है। उन्होंने नागरिकों से विविधता में एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

मुख्य अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी ने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने 562 रियासतों को एकजुट कर भारतीय संघ में शामिल करने की बड़ी चुनौती थी। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, रणनीतिक कुशलता और निर्णय क्षमता से इस चुनौती का सामना किया। हैदराबाद और जूनागढ़ जैसी रियासतों के विलय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

उप-अधीक्षक डॉ. दिनेश राणा ने कहा कि सरदार पटेल की सूझबूझ और कूटनीतिक क्षमता ने अलग-अलग रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान को स्मरण करने के लिए ही 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्य, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts