पुलिस एथलेटिक्स में मेरठ के खिलाड़ियों का दबदबा, साइकिलिंग में तीनों पदक जीते

74वीं यूपी पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता में दो नए रिकॉर्ड बने, मेरठ की आरती, अन्नू, खुशबू और प्रीति ने जीते स्वर्ण पदक

मेरठ ,लखनऊ। 35वीं वाहिनी पीएसी, महानगर में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक एथलेटिक्स क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन ट्रैक और साइकिलिंग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में महिला 400 मीटर दौड़ और पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज में नए रिकॉर्ड भी बने।

दो स्पर्धाओं में बने नए रिकॉर्ड

महिला 400 मीटर दौड़ में लखनऊ जोन की मीनू साहू ने 54.36 सेकंड का समय निकालकर नया रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। मेरठ जोन की योगेश कुमारी दूसरे और टीना तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज में प्रयागराज जोन के आशीष पाल ने 8 मिनट 44.14 सेकंड में दौड़ पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। लखनऊ के विशाल यादव दूसरे और वाराणसी के राघव तीसरे स्थान पर रहे।



महिला वर्ग में मेरठ की खिलाड़ियों ने दिखाया दम

महिला 30 किलोमीटर साइकिलिंग में मेरठ की आरती ने 50 मिनट 11.20 सेकंड में दूरी पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। गोरखपुर की मायावती दूसरे और मेरठ की बुलबुल तीसरे स्थान पर रहीं।

महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में मेरठ की अन्नू ने पहला स्थान हासिल किया। त्रिकूद में खुशबू वर्मा ने 11.95 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। हैमर थ्रो में मेरठ की प्रीति ने 56.56 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि वाराणसी की कोमल मिश्रा 55.46 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। महिला स्टीपलचेज में मेरठ की शैली धामा ने स्वर्ण पदक जीता। काजल शर्मा दूसरे और लखनऊ की रक्षा परिहार तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुष साइकिलिंग में मेरठ का क्लीन स्वीप

पुरुष 40 किलोमीटर साइकिलिंग स्पर्धा में मेरठ जोन के खिलाड़ियों ने तीनों पदक अपने नाम कर शानदार प्रदर्शन किया। केशव शर्मा ने 53 मिनट 35 सेकंड में दूरी पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि मुकुल दूसरे और वीरेश तीसरे स्थान पर रहे।

110 मीटर बाधा दौड़ में लखनऊ के सचिन कुमार ने 14.80 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में वाराणसी के शिवांग मिश्रा ने 47.94 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। मेरठ के लविश दूसरे और नदीम तीसरे स्थान पर रहे।

डिस्कस थ्रो में वाराणसी को स्वर्ण

डिस्कस थ्रो में वाराणसी के दीपक यादव ने 54.58 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मेरठ के अनुराग दूसरे और आशीष तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मेरठ और वाराणसी जोन के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts