वी ने पेश किया भारत का पहला प्रीपेड फैमिली प्लान, अब परिवार के बीच डेटा शेयरिंग होगी आसान
एक ग्रुप में जुड़ सकेंगे चार सदस्य, हर रिचार्ज पर मिलेगा 10 फीसदी तक गारंटीड डिस्काउंट
मेरठ, वरिष्ठ संवाददाता। टेलीकॉम कंपनी वी (Vi) ने प्रीपेड ग्राहकों के लिए भारत का पहला प्रीपेड फैमिली प्लान पेश किया है। इस प्लान के तहत परिवार के सदस्य देश के अलग-अलग शहरों में रहते हुए भी एक-दूसरे के साथ मोबाइल डेटा शेयर कर सकेंगे। कंपनी की इस नई पहल का उद्देश्य ग्राहकों को डेटा की जरूरत के समय परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से जुड़े रहने की सुविधा देना है।
वी के इस प्लान के जरिए प्रीपेड सेवाओं के इस्तेमाल के तरीके में बदलाव लाने की कोशिश की गई है। अक्सर मोबाइल डेटा खत्म होने पर ऑनलाइन क्लास, वीडियो कॉल, मैप और जरूरी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल प्रभावित होता है। ऐसे में परिवार का कोई सदस्य दूसरे सदस्य के साथ डेटा शेयर कर सकेगा और उसे कनेक्टिविटी की समस्या से राहत मिलेगी।
एक ग्रुप में जुड़ सकेंगे चार सदस्य
वी के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अवनीश खोसला ने कहा कि कंपनी का मानना है कि बेहतर इनोवेशन वही है, जो लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को आसान बनाए। प्रीपेड सेवाओं का भविष्य केवल अधिक डेटा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार डेटा इस्तेमाल करने की सुविधा देना भी जरूरी है। प्रीपेड फैमिली प्लान इसी सोच के तहत पेश किया गया है, ताकि परिवार के सदस्य आपस में जुड़े रहें और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे की मदद कर सकें।
कंपनी के अनुसार, वी के सभी सक्रिय प्रीपेड ग्राहक वी ऐप के माध्यम से चार सदस्यों तक का फैमिली ग्रुप बना सकते हैं। इसमें एक प्राइमरी मेंबर और तीन सेकेंडरी मेंबर शामिल होंगे। खास बात यह है कि प्रत्येक सदस्य का अपना प्रीपेड प्लान और उसकी वैधता बरकरार रहेगी। इसके बावजूद सभी सदस्य एक-दूसरे के साथ मोबाइल डेटा साझा कर सकेंगे।
500 एमबी डेटा शेयर करने की सुविधा
इस प्लान के तहत परिवार का कोई सदस्य एक बार में 500 एमबी डेटा दूसरे सदस्य के साथ शेयर कर सकता है। इससे डेटा कम होने की स्थिति में भी परिवार का सदस्य अपनी जरूरी ऑनलाइन गतिविधियां जारी रख सकेगा। इसके अतिरिक्त, वी ऐप के माध्यम से किए जाने वाले प्रत्येक रिचार्ज पर परिवार के सदस्यों को 10 फीसदी तक का गारंटीड डिस्काउंट भी मिलेगा।
शाहरुख खान के साथ कैंपेन लॉन्च
वी ने इस प्लान के प्रचार के लिए अभिनेता शाहरुख खान के साथ नया कैंपेन भी शुरू किया है। कैंपेन के माध्यम से कंपनी के ‘वी पे सब हैं वीआईपी’ संदेश को सामने रखा गया है। वीडियो में बताया गया है कि किस तरह देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य मोबाइल डेटा शेयर करके आपस में जुड़े रह सकते हैं। कंपनी का दावा है कि यह पहल प्रीपेड ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक और परिवार-केंद्रित डिजिटल अनुभव प्रदान करेगी।


No comments:
Post a Comment