दिनदहाड़े कार वाशिंग सेंटर संचालक की हत्या, तीन गोलियां मारकर बदमाश फरार
फुलवरिया में वारदात से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे एसपी; पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका, पुलिस छानबीन में जुटी
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में शनिवार को दिनदहाड़े कार वाशिंग सेंटर संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया-3 में हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने वाशिंग सेंटर पर बैठे संचालक गणेश कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र निवासी रामकुमार राम के पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है। वह अपना कार वाशिंग सेंटर चलाते थे। बताया गया कि वारदात के समय गणेश सेंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बदमाश वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
गोली चलते ही मची अफरातफरी
दिनदहाड़े गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही गणेश के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
वारदात की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। फुलवरिया थाना पुलिस के साथ कई थानों की टीम भी जांच में जुटी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

No comments:
Post a Comment