चांदी के दाम में 8,300 रुपये की बड़ी गिरावट, 11 महीने के निचले स्तर पर पहुंची कीमत
: सोना भी 1,300 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकवाली का घरेलू सर्राफा बाजार पर दिखा असर
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी एक ही दिन में 8,300 रुपये प्रति किलोग्राम टूटकर 1,90,200 रुपये पर आ गई। इसके साथ ही चांदी करीब 11 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई। वहीं, सोने की कीमत भी 1,300 रुपये प्रति 10 ग्राम घटकर 1,45,200 रुपये रह गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं के दाम गिरने और बिकवाली बढ़ने का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव गुरुवार को 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो शुक्रवार को घटकर 1,45,200 रुपये रह गया। इस तरह एक दिन में सोने की कीमत में 1,300 रुपये की गिरावट आई।
11 महीने के निचले स्तर पर चांदी
चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को 1,98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई चांदी शुक्रवार को 8,300 रुपये टूटकर 1,90,200 रुपये पर पहुंच गई। चांदी का यह स्तर इससे पहले 10 दिसंबर 2025 के आसपास देखने को मिला था, जब इसका भाव करीब 1.92 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था।
विदेशी बाजारों में भी कीमती धातुएं कमजोर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हाजिर सोना 53.15 डॉलर यानी 1.32 प्रतिशत टूटकर 3,968.24 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसके साथ ही सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया। वहीं, चांदी करीब चार प्रतिशत गिरकर 50.12 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विदेशी बाजारों में आई इस गिरावट का असर भारतीय सर्राफा बाजार में भी दिखाई दिया।
इंदौर में भी सोना-चांदी सस्ते
इंदौर सर्राफा बाजार में भी शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट रही। यहां सोना 800 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर औसतन 1,43,000 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, चांदी 7,500 रुपये प्रति किलोग्राम टूटकर 1,88,000 रुपये पर आ गई। चांदी का सिक्का 2,650 रुपये प्रति नग के भाव पर बिका।


No comments:
Post a Comment