नमो भारत के तीन साल पूरे, अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं:
रोजाना 1.1 लाख से अधिक यात्री कर रहे सफर, 82 किमी कॉरिडोर पर 1.68 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड; नमो भारत दिवस पर उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित
मेरठ । नमो भारत के परिचालन के तीन सफल वर्ष पूरे होने पर एनसीआरटीसी ने नमो भारत दिवस-2026 मनाया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नमो भारत केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प, समर्पण और संस्कारों की प्रेरणा है। यह रैपिड रेल भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देते हुए शहरी परिवहन के भविष्य को नया आयाम दे रही है।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 अक्टूबर 2023 को शुरुआत किए जाने के बाद दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं। यह आधुनिक, सुरक्षित और सुगम परिवहन के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने परियोजना को साकार करने में योगदान देने वाले एनसीआरटीसी के अधिकारियों, इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों, कर्मचारियों और श्रमिकों की सराहना की।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रालय की राजधानी विकास विभाग की सचिव एवं एनसीआरटीसी की अध्यक्ष डी. तारा तथा शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह मौजूद रहे। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने निदेशक मंडल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
रोजाना 1.1 लाख से अधिक यात्री कर रहे सफर
नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से शुरू हुआ था। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे कॉरिडोर को परिचालित किया गया। 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो के साथ पूरे 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। हाल ही में लगभग 1.68 लाख यात्रियों के साथ इसने सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप का रिकॉर्ड बनाया।
तेज, नियमित और विश्वसनीय सेवाओं से यात्रियों को रोजगार, शिक्षण संस्थानों और आर्थिक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। इससे रोजाना की यात्रा में समय की बचत भी हो रही है।
सौर ऊर्जा और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर जोर
समारोह में नमो भारत की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म दिखाई गई। इसमें मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी, यात्रियों को फर्स्ट और लास्ट माइल सुविधा देने, पर्यावरणीय स्थिरता तथा वित्तीय स्थिरता के लिए किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। ‘सोलर ऑन ट्रैक’ पहल और 110 मेगावाट के कैप्टिव सौर ऊर्जा संयंत्र के विकास को भी प्रमुखता से दिखाया गया।
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि संस्था की स्थापना आधुनिक, सुरक्षित, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। आज परियोजना की प्रगति इस विजन को साकार करने की दिशा में ठोस प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों के सहयोग और विश्वास के लिए भी आभार जताया।
नए कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की उम्मीद
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की सफलता के बाद दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। वहीं, गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के चरण में हैं।
कार्यक्रम में बीते वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को वार्षिक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने नमो भारत के सफल संचालन में उनके योगदान, समर्पण और टीम भावना की सराहना की। समारोह में कलाकारों ने संगीत और नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं। एनसीआरटीसी ने यात्रियों को केंद्र में रखते हुए सुरक्षित, आरामदायक और कुशल परिवहन व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।



No comments:
Post a Comment