38वीं प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बालेराम विद्यालय बना ओवरऑल चैंपियन

31 पदक जीतकर मेरठ का नाम किया रोशन, खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीते

मेरठ। विद्या भारती की ओर से मुरादाबाद के सरस्वती विद्या मंदिर, मंगूपुरा में 15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित 38वीं प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मेरठ संभाग का प्रतिनिधित्व कर रहे विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 31 पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बालेराम विद्यालय के खिलाड़ियों ने दौड़, कूद, थ्रो सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीतकर कुल 31 पदक हासिल किए। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

कोच के मार्गदर्शन में किया शानदार प्रदर्शन

विद्यालय की इस सफलता का श्रेय प्रशिक्षक धीरज कुमार के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया गया। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने कई महीनों तक अभ्यास किया। अनुशासन, निरंतर मेहनत और बेहतर रणनीति के दम पर टीम ने प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। खेलों में मिली यह सफलता इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विद्यालय के संरक्षक मनमोहन गुप्ता, प्रधान डॉ. विनोद अग्रवाल और प्रबंधक आशीष अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। शारीरिक शिक्षा विभाग के आचार्य नीरज कुमार, संजय सैनी, जोनी चौधरी, पारुल चौधरी, चांदनी और रश्मि अग्रवाल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts