29 नवंबर को होगा वैश्य समाज का 33वां मेधावी विद्यार्थी अभिनंदन समारोह

हाईस्कूल-इंटर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ IAS, PCS और IIT में चयनित छात्र भी होंगे सम्मानित; अशोक मित्तल मुख्य संयोजक और गीता जिंदल मुख्य महिला संयोजिका बनीं

मेरठ। वैश्य समाज मेरठ महानगर (पंजीकृत) की ओर से 33वां मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह 29 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ IAS, PCS और IIT में चयनित छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित करने की योजना है। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को फूलबाग स्थित महामंत्री प्रमोद गुप्ता के आवास पर बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने की, जबकि संचालन महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने किया। शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से अशोक मित्तल को मुख्य संयोजक और गीता जिंदल को मुख्य महिला संयोजिका बनाने का निर्णय लिया गया।

अंकों के आधार पर तय होगी पात्रता

संगठन के अनुसार, यूपी बोर्ड में 60 प्रतिशत या उससे अधिक तथा सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सम्मान के पात्र होंगे। समारोह बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित किया जाएगा।

मार्कशीट जमा कराने की अपील

वैश्य समाज ने पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी अंकतालिका की छायाप्रति निर्धारित समय के भीतर संबंधित पदाधिकारियों के पास जमा करा दें, ताकि सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार की जा सके।

बैठक में गीता अग्रवाल, उपमहामंत्री प्रवीण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी, संजीव अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, डॉ. अमित गुप्ता, अमित अग्रवाल, पारस गुप्ता, राकेश बंसल और अमित गोयल सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts