यूपी की 28 शहरी सीटों पर भाजपा को नुकसान की आशंका, योगी ने कार्यकर्ताओं को चेताया
एसआईआर के बाद 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का सीएम का दावा, 43 सीटों पर कड़े मुकाबले की आशंका; कमल साथी ऐप से नाम जुड़वाने का अभियान चलाने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का मुद्दा भाजपा के लिए अहम हो गया है। लखनऊ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईआर के बाद मतदाता सूची में सामने आए आंकड़ों को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगाह किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 13 करोड़ नाम ही शेष रह गए हैं, जबकि लगभग 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि छूटे हुए नाम दोबारा नहीं जुड़े तो 28 शहरी विधानसभा सीटों पर पार्टी को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा 43 सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी रहने की आशंका जताई।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों से मतदाता सूची को गंभीरता से लेने और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए जरूरी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पंचायत सूची में 66 लाख नाम, विधानसभा सूची से गायब
मुख्यमंत्री ने बैठक में मतदाता सूची से संबंधित अलग-अलग श्रेणियों के आंकड़े भी रखे। उनके मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे लोग हैं, जिनके नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। वहीं, लगभग 55 लाख ऐसे लोगों का जिक्र किया गया, जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन मतदाता सूची में उनके नाम शामिल नहीं हैं। इसके अलावा करीब 4.50 लाख युवाओं के नाम भी सूची में नहीं होने की बात कही गई।
कमल साथी ऐप से चलेगा नाम जुड़वाने का अभियान
योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को कमल साथी ऐप के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ऐप पर उपलब्ध सूची के आधार पर कार्यकर्ता संबंधित मतदाताओं तक पहुंच सकते हैं। बैठक में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने की जानकारी भी दी गई। इसके मद्देनजर संगठन को सूची की जांच और नामों में सुधार के लिए सक्रिय रहने को कहा गया।
चार लाख नाम जुड़ने पर जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री ने पिछले अभियान की प्रगति पर भी नाराजगी जताई। उनके मुताबिक, पिछले अभियान में महज चार लाख नाम ही जुड़ पाए, जबकि करीब 1.27 करोड़ छूटे हुए नामों को लेकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ईमानदारी से काम कर रही है, जबकि फर्जी नामों को लेकर नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने संगठन से मतदाता सूची के प्रत्येक छूटे हुए नाम की जांच कर नियमानुसार उसे शामिल कराने पर जोर दिया।


No comments:
Post a Comment