मेरठ में 25 लाख के अवैध पटाखे बरामद, दो गोदामों पर छापा
देवलोक कॉलोनी में आइशर ट्रक भरकर मिला पटाखों का स्टॉक, गुजरी बड़े बाजार में भी कार्रवाई; दो लोग हिरासत में
मेरठ। दीपावली से पहले मेरठ में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीपीनगर क्षेत्र की देवलोक कॉलोनी और कोतवाली क्षेत्र के गुजरी बड़े बाजार में दो गोदामों पर छापेमारी कर करीब 25 लाख रुपये के पटाखे बरामद किए गए। देवलोक कॉलोनी में पटाखों से भरा आइशर ट्रक मिला। पुलिस ने दोनों स्थानों से पटाखों का स्टॉक जब्त कर कपिल और शालू को हिरासत में लिया है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में टीपीनगर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, देवलोक कॉलोनी में कपिल के यहां छापा मारने पर ट्रक में भारी मात्रा में पटाखे भरे मिले। जांच में गुजरी बड़े बाजार में भी पटाखों का गोदाम होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वहां दूसरी टीम ने छापा मारा। मौके से शालू को हिरासत में लिया गया।
लाइसेंस से लेकर सप्लाई नेटवर्क तक जांच
एसपी सिटी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए लाइसेंस या अनुमति नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस पटाखों की खरीद, सप्लाई और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रसाद और सीओ कोतवाली संग्राम सिंह की निगरानी में की गई। पुलिस जब्त पटाखों को सीज करने की प्रक्रिया भी पूरी कर रही है।


No comments:
Post a Comment