यूपी एमएलसी चुनाव: तीसरे दिन भी मतगणना जारी, वाराणसी में सपा के आशुतोष सिन्हा 16,990 वोटों से आगे

11 सीटों में भाजपा ने जीतीं छह, सपा के खाते में चार सीटें; वाराणसी स्नातक सीट पर बढ़त बरकरार, भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह पीछे

लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव की मतगणना तीसरे दिन भी जारी है। अब तक घोषित परिणामों में भाजपा ने छह और समाजवादी पार्टी ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। आठवें और नौवें राउंड की मतगणना में उनकी बढ़त और बढ़ गई।

नौवें राउंड में 16,990 मतों की बढ़त

वाराणसी स्नातक एमएलसी सीट पर प्रथम वरीयता के मतों की नौवें राउंड तक की गणना में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को 50,462 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 33,472 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशुतोष सिन्हा 16,990 मतों से आगे चल रहे हैं।

इससे पहले आठवें राउंड तक आशुतोष सिन्हा को 47,450 और केदारनाथ सिंह को 31,189 वोट मिले थे। उस समय सपा प्रत्याशी की बढ़त 16,261 मतों की थी। लगातार बढ़त मिलने से सपा खेमे में उत्साह है, जबकि भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों की नजर आगे की मतगणना पर टिकी है।

14 काउंटरों पर हो रही मतगणना

मतगणना के लिए कुल 14 काउंटर बनाए गए हैं। यहां प्रथम वरीयता के मतों की एक हजार-एक हजार के बैच में गिनती की जा रही है। इससे पहले छठे राउंड तक आशुतोष सिन्हा को 35,086 और केदारनाथ सिंह को 23,253 वोट मिले थे। पांचवें राउंड तक सपा प्रत्याशी की बढ़त 9,490 मतों की थी, जो आगे के राउंड में लगातार बढ़ती गई।

भाजपा और सपा ने इन सीटों पर दर्ज की जीत

अब तक घोषित परिणामों के अनुसार, भाजपा ने मेरठ खंड स्नातक सीट पर दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ खंड शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी, आगरा खंड स्नातक सीट पर डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेरठ खंड शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर डॉ. हरि सिंह ढिल्लों सहित छह सीटों पर जीत दर्ज की है।

वहीं, सपा ने वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव, आगरा खंड शिक्षक सीट पर डॉ. आकाश अग्रवाल और इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर डॉ. मान सिंह यादव सहित चार सीटों पर जीत हासिल की है। वाराणसी खंड स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा की बढ़त के कारण इस सीट के परिणाम पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts