चक्रवात अर्नब का खतरा: आंध्र तट से टकराने की आशंका, 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आंध्र प्रदेश के 16 जिलों में रेड अलर्ट, यूपी-बिहार और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की चेतावनी; हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

चेन्नई/भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब को लेकर तटीय राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके देर रात दो से चार बजे के बीच आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है। लैंडफॉल के दौरान 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

आंध्र प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में करीब चार हजार राहत शिविर बनाए गए हैं। दोनों राज्यों में तेज बारिश शुरू होने के बाद समुद्र में नौकाएं ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एहतियात के तौर पर स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।

21 उड़ानें रद्द, हवाई सेवाओं पर असर

चक्रवात के खतरे को देखते हुए विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों से मंगलवार और बुधवार को संचालित होने वाली 21 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। तटीय इलाकों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं। समुद्र में जाने पर रोक के साथ लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने चक्रवात के प्रभाव से तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, बिहार और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह सहित अन्य तटीय क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ कई राज्यों में मौसम प्रभावित होने की आशंका है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts