10 साल बाद टीवी पर लौटीं कांची कौल

मुंबई। अभिनेत्री कांची कौल ने रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' के साथ करीब एक दशक बाद टीवी पर वापसी की है। कांची इस नई शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित हैं।
टीवी पर वापसी के बारे में बात करते हुए कांची ने कहा कि बीते कुछ सालों में जिंदगी को देखने का उनका नजरिया काफी बदल गया है। अब वह पुराने दौर में लौटने के बजाय अपने अनुभवों के साथ एक नई शुरुआत करना चाहती हैं। कांची ने कहा, ''मेरा मानना है कि आप जहां पहले थे, वहां लौटने और आज जो इंसान बन चुके हैं, उसके रूप में आगे बढ़ने के बीच फर्क होता है। मैं अपने पुराने दौर को दोबारा जीने के लिए वापस नहीं आई हूं बल्कि एक नए अनुभव का हिस्सा बनने आई हूं। पिछले एक दशक ने काम, महत्वाकांक्षाओं और जिंदगी को लेकर मेरा नजरिया कई तरह से बदला है और मैं इन बदलावों को काफी अहम मानती हूं।''
करीब 10 साल तक टीवी से दूर रहने के बाद कांची ने 'पति, पत्नी और पंगा' के साथ छोटे पर्दे पर वापसी की है। इस शो में वह अपने पति और अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया के साथ नजर आ रही हैं। दोनों की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखना उनके फैंस के लिए खास है। शो के नए सीजन को सोनाली बेंद्रे बहल और मुनव्वर फारूकी होस्ट कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts